छत्तीसगढ़ में बारिश का येलो अलर्ट

किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में पड़ी फसल को नुकसान का खतरा

रायपुर…छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।एक माह के भीतर यह चौथा तुफान है जिसकी वजह से मौसम पुरी तरह बदल दिया है।  भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने आज 20 नवंबर 2026 को सुबह 10:39 बजे जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी जारी की है, जो दोपहर 1:39 बजे तक मान्य है।

कहां कहां है चेतावनी,

इस चेतावनी के अनुसार बस्तर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग और सरगुजा में मध्यम वर्षा की संभावना है। मानचित्र में इन जिलों को पीले रंग से दर्शाया गया है।

किसानों की बढ़ी चिंता

इस समय खेतों में धान की कटाई का सीजन चल रहा है। कई जगहों पर किसान फसल काटकर खेतों में ही रखे हुए हैं। ऐसे में अचानक बारिश की चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।किसानों का कहना है कि अगर बारिश हुई तो खुले में पड़ी कटी हुई फसल भीग जाएगी, जिससे धान खराब होने और भारी नुकसान का डर है।

बारिश से क्या-क्या नुकसान हो सकता है

मौसम विभाग के अनुसार मध्यम वर्षा 5 से 15 मिमी प्रति घंटा की रफ्तार से हो सकती है। इसके कारण खुले में पड़ी कटी हुई फसल को नुकसान पहुंच सकता है, अंडरपास सहित निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, नगरपालिका सेवाओं में व्यवधान आ सकता है, जलभराव और फिसलन के कारण यातायात जाम और दृश्यता में कमी आ सकती है, यात्रा समय में 15 से 30 मिनट की वृद्धि हो सकती है, रेल, सड़क और हवाई परिवहन में देरी हो सकती है और कच्चे घरों और कमजोर संरचनाओं को मामूली नुकसान पहुंच सकता है।

किसानों और आम लोगों के लिए विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने सलाह दी है कि कटी हुई फसल को खुले में न रखें, जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें, कमजोर ढांचों के पास न खड़े हों, कीटनाशकों का प्रयोग न करें, बाहर निकलते समय सावधानी बरतें, बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों और कच्चे घरों के पास न जाएं, जल निकासी का रखरखाव किया जाना चाहिए।