आधी रात के बाद भी खुलेआम बिक रही शराब

ना शासन की सख्ती का असर, ना पुलिस का भय
रायपुर.. राजधानी रायपुर में नियमों को ताक में रखकर बार संचालक खुले आम शराब बेच रहे हैं। शासन और प्रशासन की सख्ती ना तो काम आ रही है, ना ही पुलिस का भय है। आबकारी विभाग सिर्फ अपनी आय बढ़ाने में लगा हुआ है।देर-रात इसी तरह शराब बिकता रहेगा तो कई तरह की आपराधिक घटनाओं को कोई रोक नहीं पाएगा। अब नाराज बजरंग दल ने आंदोलन की चेतावनी जिला प्रशासन को दी है। निर्धारित समय के बाद भी देर-रात बार आधी रात को खुले हैं। अब पुलिस और प्रशासन का डर ऐसे बार-पब संचालकों को नहीं है। लोग अब सीधा स्टिंग कर जिला और पुलिस प्रशासन को आवेदन सौंप रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कानून तोड़ने वालों को भय जरा भी नहीं है। ताजा मामला रायपुर के टोपाज़ बार का है। छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने जिला दंडाधिकारी रायपुर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रात 12:36 पर भी मिल गई बीयर
बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी के अनुसार संगठन ने टोपाज़ बार का स्टिंग ऑपरेशन किया। इसमें गंभीर लापरवाही सामने आई। स्टिंग के दौरान कार्यकर्ताओं ने रात लगभग 12 बजकर 36 मिनट पर उक्त बार से बीयर खरीदी, जबकि नियमानुसार बार को रात 12 बजे तक बंद हो जाना चाहिए था। इस दौरान बार में शराब की बिक्री और ग्राहकों को सर्विस देना लगातार जारी था। कार्यकर्ताओं ने पूरी खरीदारी की वीडियो रिकॉर्डिंग की है। साथ ही ऑनलाइन भुगतान कर उसका बिल भी प्राप्त किया है, जो इस पूरे मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं।
पुलिस गश्त के सामने भी नहीं रुका खेल
इस मामले का सबसे गंभीर पहलू ये है कि जिस दौरान बार में निर्धारित समय के बाद भी शराब की बिक्री खुलेआम जारी थी, उसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी भी उक्त क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसके बावजूद बार संचालकों ने बिना किसी भय के नियमों का उल्लंघन करते हुए अपना संचालन जारी रखा। बजरंग दल ने आवेदन में कहा है कि इस घटना से पुलिस प्रशासन एवं आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। आखिर पुलिस की गश्त के बावजूद इस प्रकार नियमों का उल्लंघन कैसे होता रहा? क्या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी अथवा ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करने में लापरवाही बरती जा रही है?
बजरंग दल की 5 बड़ी मांगें
- टोपाज़ बार में निर्धारित समय के बाद शराब बिक्री की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- बार के सीसीटीवी फुटेज और स्टिंग के वीडियो साक्ष्यों की जांच की जाए।
- संबंधित पुलिसकर्मियों और आबकारी विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो।
- नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर बार का लाइसेंस तत्काल निलंबित कर निरस्तीकरण की कार्रवाई हो।
- बार संचालक और जिम्मेदार सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई हो।
आवेदन में कहा गया है कि यदि इस गंभीर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो छत्तीसगढ़ बजरंग दल लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। आवेदन के साथ स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो, ऑनलाइन भुगतान का स्क्रीनशॉट, बार से प्राप्त बिल की प्रति और पुलिस गश्त की वीडियो रिकॉर्डिंग भी संलग्न की गई है।
