नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी ब्लैकमेलर गिरफ्तार

 

रायपुर/राजनांदगांव पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के दिशा निर्देशन पर महिला एवं बालकों के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है।

प्रार्थिया ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री से आरोपी किशोर साहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से परिचय स्थापित कर मिलने के लिए बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध स्थापित किया। आरोपी ने अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को लगातार तीन साल तक ब्लैकमेल कर दुष्कर्म कर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता द्वारा परेशान होकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला अत्यंत गंभीर होने से तत्काल संज्ञान में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर त्वरित विवेचना प्रारंभ की गई। आरोपी किशोर साहू का पतासाजी कर चंद घंटों में विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्र.आर. लोकनाथ वर्मा, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख, डिगम्बर सिदार एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।