एक ही तारीख पर 4 पेपर, हजारों परीक्षार्थी परेशान

29 नवंबर को तीन जिला कोर्ट और व्यापम की शिक्षक भर्ती एक साथ

बलरामपुर, बलौदाबाजार और कवर्धा में सहायक ग्रेड-3 और स्टेनो का पेपर एक ही दिन, फॉर्म के लिए तीन जगह फीस भरी, अब दे पाएंगे सिर्फ एक परीक्षा

रायपुर-बलौदाबाजार / बलरामपुर / कवर्धा। छत्तीसगढ़ में नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थी एक ही तारीख को लेकर परेशान हैं। बलरामपुर, बलौदाबाजार और कवर्धा तीनों जिला कोर्ट का सहायक ग्रेड-3 और स्टेनोग्राफर का पेपर एक ही दिन 29 नवंबर 2026 को रखा गया है। उसी दिन व्यापम का शिक्षक भर्ती का पेपर भी है।अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने तीनों जिलों में ऑफलाइन मोड पर अलग-अलग फॉर्म भरे थे। फॉर्म के साथ अलग-अलग शुल्क भी जमा किया था। अब तीनों जिलों ने एक ही दिन परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।

एक अभ्यर्थी तीन जगह कैसे देगा पेपर

ऐसी स्थिति में जो अभ्यर्थी तीनों जिलों की परीक्षा के लिए पात्र हैं, वे केवल एक ही जिले की परीक्षा में बैठ पाएंगे। एक ही तारीख में एक अभ्यर्थी दो या तीन जगह परीक्षा कैसे दे पाएगा? इससे अभ्यर्थियों का एक नहीं, बल्कि दो-दो मौके खत्म हो जाएंगे।अभ्यर्थियों का कहना है कि ऐसा करना न केवल अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है, बल्कि परीक्षा व्यवस्था के हिसाब से भी गलत है। उन्होंने तीनों जिलों में अलग-अलग फॉर्म इसलिए भरे थे ताकि चयन का मौका बढ़े, लेकिन एक ही तारीख ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है।

व्यापम से और बढ़ी टेंशन

साथ ही उसी दिन व्यापम की शिक्षक भर्ती परीक्षा होने से परेशानी और बढ़ गई है। जो अभ्यर्थी कोर्ट की नौकरी के साथ शिक्षक भर्ती की तैयारी भी कर रहे थे, उन्हें अब एक को चुनना पड़ेगा।

अभ्यर्थियों की मांग

अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि तीनों जिला कोर्ट की परीक्षा की तारीख अलग-अलग की जाए, या व्यापम की परीक्षा से अलग दिन रखा जाए, ताकि सभी पात्र अभ्यर्थी सभी परीक्षाओं में शामिल हो सकें।

अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि तारीख नहीं बदली गई तो हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा और उन्हें आर्थिक नुकसान भी होगा।