चोर सोना-चांदी, गाड़ी चुराते हैं, यहां तो सांसें ही चोरी हो गईं!
धमतरी के मसीही अस्पताल के ICU से दो वेंटिलेटर गायब, कीमत 18 लाख
रायपुर/धमतरी आपने सोना, चांदी, गाड़ी और मोबाइल चोरी के किस्से तो बहुत सुने होंगे, लेकिन धमतरी में चोरी का एक ऐसा अजीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां चोरों ने सोना-चांदी नहीं, बल्कि लोगों की सांसें चोरी कर ली हैं। मामला शहर के मसीही अस्पताल का है। यहां के ICU वार्ड से दो वेंटिलेटर मशीन चोरी हो गई हैं। वही वेंटिलेटर, जिससे लोगों की डूबती सांसें लौटती हैं, जिंदगी बचती है। बताया जा रहा है कि दोनों मशीनों की कीमत करीब 18 लाख रुपये है, जिसे कोरोना काल के दौरान खरीदा गया था।चोरी का पता चलते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। जब CCTV फुटेज खंगाले गए तो उसमें तीन संदिग्ध युवक अस्पताल परिसर में घूमते और थैलों में कुछ भरकर ले जाते हुए दिखाई दिए। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं युवकों ने वेंटिलेटर पार किए हैं। इस घटना का एक वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।हालांकि अभी तक युवकों की पहचान नहीं हो पाई है। मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन संदिग्धों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
चोर या जानकार
अस्पताल जैसे भीड़-भाड़ जगह से जिस आसानी से वेटिलेटर की चोरी हुई है। उससे शक हो रहा है कि क्या वास्तव में वह चोर थे,या फिर जानकार। वेटिंलेटर को निकालना और उसे पैक कर के ले जाना या तो किसी जानकार का हाथ हो सकता है या फिर पेशेवर टेकनिकल चोर का।
