किरारी में ABEO निर्मलकर ने विद्यार्थियों को पढ़ाया गणित का पाठ,

NMMS की तैयारी को सराहा, शिक्षकों के नवाचार को बताया प्रेरणादायक

रायपुर-जांजगीर -शासकीय मिडिल स्कूल किरारी में अकलतरा विकासखंड के सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) निर्मलकर ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों की विशेष कक्षा ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित विषय की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने जोड़-घटाव के साथ भिन्न के विभिन्न सूत्रों एवं गणितीय अवधारणाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से गणित के कठिन सवालों को हल करने की विधि समझाई तथा विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। कक्षा के दौरान ABEO निर्मलकर ने विद्यार्थियों से गणित के सवाल पूछकर उनकी समझ का आकलन भी किया। उन्होंने बताया कि गणित ऐसा विषय है, जिसे केवल सूत्र याद करके नहीं, बल्कि अवधारणाओं को समझकर और निरंतर अभ्यास करके बेहतर तरीके से सीखा जा सकता है। उन्होंने सवालों को हल करने के अलग-अलग तरीकों की जानकारी देते हुए गणित के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर दिया।

NMMS एवं छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी को मिली सराहना

विद्यालय में विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए तैयार करने हेतु शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी ABEO निर्मलकर ने सराहना की। विशेष रूप से NMMS (नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप) परीक्षा के अभ्यास प्रश्नों की तैयारी को उन्होंने सराहनीय पहल बताया।

विद्यालय में शिक्षकों द्वारा प्रोजेक्ट एवं अभ्यास आधारित शिक्षण पद्धति से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है। इसके माध्यम से बच्चों को विभिन्न प्रकार के प्रश्नों को समझने, उनका विश्लेषण करने तथा स्वयं हल करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति परीक्षाओं की तैयारी विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विषय की समझ और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके लिए नियमित अभ्यास, सही मार्गदर्शन और शिक्षकों का सतत सहयोग आवश्यक है।

शिक्षकों के नवाचार को बताया प्रेरणादायक

इस अवसर पर ABEO निर्मलकर ने विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक दीपक भानू एवं नवाचारी शिक्षिका उपासना शर्मा द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक कार्यों की विशेष सराहना की। उन्होंने विद्यालय में शिक्षण को प्रभावी एवं रुचिकर बनाने के लिए अपनाई जा रही नवाचारपूर्ण गतिविधियों को अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणाप्रद बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सक्रियता, समर्पण और नए तरीकों से पढ़ाने की पहल से विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। विद्यालय में प्रोजेक्ट आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है।

किरारी मिडिल स्कूल में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विषयों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस दौरान प्रोत्साहन मिला। ABEO के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर सुनीता कश्यप, दीपक भानू, अनुभव तिवारी एवं गोपेश पाटले उपस्थित रहे।