सर्व आदिवासी समाज घेरेगा विधानसभा

रायपुर…प्रदेश के आदिवासी समाज ने सरकार के मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। आज रायपुर में 42 जनजाति समाज के मुखियाओं ने हुंकार भरा अपने अधिकार, पेसा कानून और प्रदेश के जल जंगल जमीन को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की। साथ ही तीन चरणबद्ध आंदोलन को लेकर सहमति बनी। जिसके तहत 1 दिसम्बर को सभी 90 विधायकों के घर जाकर नगाड़ा बजा कर उन्हें जगाने का काम करेंगे। 9 दिसम्बर को अपनी मांगों को सरकार के सामने रखेंगे। इसके बाद यदि उनकी मांगों को अनसुना कर दिया जाता है तो 15 दिसम्बर को सर्व आदिवासी समाज विधानसभा का घेराव करने कूच करेंगे।

छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने शासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के अध्यक्ष अरविंद नेताम, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बी.एस.रावटे की अगुवाई मे आज महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संविधान में आदिवासियों के लिए किए गए विशेष प्रावधानों, आरक्षण को 32 प्रतिशत से घटाकर 20 प्रतिशत करने के हाईकोर्ट के 14.10.2026 के फैसले और समाज के चहुंमुखी विकास पर मंथन हुआ।

सर्व आदिवासी समाज की 16 सूत्रीय मांगें

  1. आदिमजाति कल्याण विभाग का बदला गया नाम तत्काल वापस लिया जाए।
  2. आगामी जनगणना में आदिवासी धर्म कोड को पृथक से शामिल किया जाए।
  3. बस्तर-सरगुजा सहित पूरे प्रदेश में आदिवासियों की जमीन के अवैध अधिग्रहण और लीज प्रक्रिया पर रोक लगे।
  4. अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून 1996 का पूर्ण पालन हो।
  5. शासकीय भर्ती में 32 प्रतिशत, पदोन्नति में 32 प्रतिशत और स्थानीय भर्ती जनसंख्या के अनुपात में शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी कंपनियों में लागू हो।
  6. 25-30 सालों से लंबित फर्जी जाति प्रमाण पत्रों की जांच कर तत्काल कार्यवाही हो।
  7. सलवा जुडूम के दौरान उजाड़े गए 600 गांवों की स्थिति स्पष्ट की जाए और ओडिशा, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र में विस्थापित आदिवासियों को वापस बसाया जाए।
  8. शिक्षा के नाम पर स्कूलों को निजी कंपनियों को बेचने पर रोक लगे और सलवा जुडूम में बंद स्कूलों को फिर से शुरू किया जाए।
  9. 24 दिसंबर को पूरे प्रदेश में पेसा दिवस मनाया जाए।
  10. समान नागरिक संहिता का संगठन ने पूर्ण विरोध किया है।
  11. आगामी परिसीमन में अनुसूचित क्षेत्रों की लोकसभा-विधानसभा सीटें सिर्फ आदिवासियों के लिए आरक्षित रहें।
  12. नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद जेलों में बंद निर्दोष ग्रामीणों को रिहा किया जाए।
  13. 2 लाख 50 हजार की आय सीमा तत्काल समाप्त की जाए और डिजिटल रजिस्ट्री बंद की जाए।
  14. 6 मार्च को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में छत्तीसगढ़ से भागीदारी होगी।