रिश्वत लेते सहायक आयुक्त अंचला गिरी गिरफ्तार

एसीबी जगदलपुर ने 1.50 लाख की रिश्वत के साथ पकड़ा, मध्यस्थ इमरान मेमन की संलिप्तता पाई गई

रायपुर/जगदलपुर- प्रार्थी शोएब रंगरेज, निवासी कांकेर ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की थी कि कांकेर में पदस्थ सहायक आयुक्त स्टेट जीएसटी विभाग अंचला गिरी द्वारा उसके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के बाद वाहन को रिलीज कराने एवं प्रकरण में राहत प्रदान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोपी अधिकारी द्वारा उक्त कार्यवाही के निराकरण के लिए प्रार्थी से 1.50 लाख रुपये तक की रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत की मांग संबंधी तथ्य सही पाए जाने पर आज दिनांक 21 नवंबर 2026 को एंटी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर द्वारा ट्रैप कार्रवाई आयोजित की गई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उसके निवास पर 1,50,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा गया। उक्त रिश्वत राशि आरोपी अधिकारी द्वारा मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की गई थी।इस प्रकरण में मध्यस्थ के रूप में संलिप्त इमरान मेमन, पिता इदरीश मेमन, उम्र 30 वर्ष, निवासी संजयनगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है।

ट्रैप कार्रवाई के पश्चात आरोपी अधिकारी अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान संपत्ति एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है।आरोपी अंचला गिरी एवं इमरान मेमन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988, संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 12 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।