ईडी की बड़ी कार्रवाई – वकील की हुई गिरफ्तारी
रायपुर..महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है।सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद एक एख कर राज खुल रहा है। आने वाले समय में और भी बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती है।
महादेव ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम सामने आया था। सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ में खुलासा किया था कि अपना मामला रफा दफा कराने के लिए उसने हिमांशु को 15 करोड़ रुपये की रकम दी थी। सौरभ चंद्राकर को ईडी ने 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था और 19 नवंबर तक पूछताछ की थी। इसी पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ। पूछताछ में यह भी सामने आया कि हिमांशु ने तीन साल में कई बार दुबई में सौरभ चंद्राकर से मुलाकात की थी।
ईडी ने हिमांशु के खिलाफ पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। जानकारी के मुताबिक दुबई जाने से पहले ही उसे मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया। ईडी ने उसे हिरासत में लेने के बाद रायपुर लाया है। आज ईडी उसे रायपुर कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड की मांग करेगी। ईडी को शक है कि महादेव सट्टा मामले में कई लोगों ने अपने मामलों को दबाने और कानूनी बचाव के नाम पर बड़े पैमाने पर लेनदेन किया है। वकील की गिरफ्तारी के बाद इस एंगल से भी जांच तेज हो गई है।
अधिकारी भी जांच के दायरे में,
प्रोटेक्शन मनी लेकर सट्टा संचालकों को बचानें के आरोप पहले से लगते रहें है। पुलिस के अधिकारी,नेताओं और आला प्रशासनिक अधिकारियों की संलिप्तता भी पहले पाई गई है। ऐसे में जब सौरभ चंद्राकर से दो दो जांच एजेंसियां पूछताछ कर चुकी है तो यह भी आशंका व्यक्त किया जा रहा है कि बड़ें प्रशासनिक अधिकारियों की भी गिरफ्तारियां हो सकती है।
