25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

 

रायुर/सुकमा सुकमा पुलिस ने ऑपरेशन आगाज के तहत अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। ओडिशा से सुकमा आ रहे दो वाहनों से 25 किलो 450 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर के निर्देशन में सुकमा पुलिस द्वारा ऑपरेशन आगाज अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

21   नवम्बर को सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल एवं हल्के हरे रंग की स्कूटी में मलकानगिरी ओडिशा की ओर से सुकमा की तरफ आ रहे हैं, जिनके पास अवैध मादक पदार्थ गांजा होने की संभावना है।

एसपी सुकमा ने लिया तत्काल एक्शन,

जैसे ही मामले की सूचना सुकमा एसपी मयंक गुर्जर को मिली  अपने अधिनस्थ अधिकारियों को निर्देश देकर पुलिस टीम को रवाना किया। तत्काल वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए सुकमा चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में रखे ट्रॉली बैग से कुल 12 पैकेट में भरा 25 किलो 450 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार कर गांजा, परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन एवं मोबाइल फोन जप्त किए।

गिरफ्तार आरोपी

रविन्द्र सोड़ी, पिता गंगा सोड़ी, निवासी कुरकुंडी, थाना कालीमेला, जिला मलकानगिरी ओडिशा।

इसके अतिरिक्त प्रकरण में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता पाई गई है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जप्त सामग्री

 

  1. अवैध मादक पदार्थ गांजा – कुल 25 किलो 450 ग्राम
  2. काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल – क्रमांक OD-30J-3459
  3. हल्के हरे रंग की स्कूटी – क्रमांक OD-30J-2346
  4. विवो कंपनी का एक मोबाइल फोन
  5. रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन

जप्तशुदा सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 14,52,500 रुपये आंकी गई है।

उक्त मामले में थाना सुकमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी 2 सी, 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपी रविन्द्र सोड़ी को दिनांक 21.11.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण में गांजा के स्रोत, परिवहन एवं तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना की जा रही है। सुकमा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशा समाज एवं युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सुकमा पुलिस – नशामुक्त समाज, सुरक्षित समाज के तहत विशेष अभियान भी चला रही है।