रिवर्स करती कार बच्ची पर चढ़ गई, मासूम बुरी तरह घायल

रायपुर.. राजधानी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कार को तेज रफ्तार में रिवर्स करना उस वक्त भारी पड़ गया जब एक बच्ची के ऊपर कार पूरी तरह से चढ़ गई। अनियंत्रित कार की चपेट में आने से मासूम बच्ची बुरी तरह से घायल हो चुकी है। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने रिवर्स करते हुए युवती को जोरदार ठोकर मारी। भीषण हादसे का शिकार हुई छात्रा समाया जिंदल को गंभीर चोट आई है।

हादसे में युवती के कंधे, पसली, कोहनी, घुटने और हाथ पैर में गंभीर चोट आई है। घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे तेज रफ्तार कार पीछे आते हुए बच्ची को कुचलते हुए निकल गई। फुटेज देखकर हर कोई हैरान है। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।फिलहाल घायल बच्ची की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।