पनीर के सौदागर गिरफ्तार-पत्रकारों को धमकाना पड़ा महंगा

 

पत्रकार सुरक्षा कानून पर फिर उठे सवाल, आखिर कब बनेगा छत्तीसगढ़ में पत्रकारों की सुरक्षा का कानून

रायपुर-छत्तीसगढ़ में नकली पनीर, नकली खोवा और नकली दवाइयों के कारोबार का पर्दाफाश करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश में मिलावट के काले कारोबार की परतें खोलनें वाले  पत्रकारों पर गिरोह गिद्द दृष्टि जमाए हुए है। कभी भी जनसरोकार के मुद्दा उठाने वाले पत्रकारो पर हमला हो सकता है। गिरोह दूसरे प्रदेश से आकर यहां कारोबार करने वाले कथित मिलावटखोरों की धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ही पत्रकार को मां-बहन की गालियां देने, चाकू मारने और हत्या करवाने तक की धमकी दी गई। मामले में सिलतरा थाने में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

मामला 16 नवंबर को रायपुर के धनेली स्थित आयुष पेट्रोल पंप के पास खाद्य विभाग की कार्रवाई से जुड़ा है। पत्रकार संदीप शुक्ला की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक कार और पिकअप को जांच के लिए रोका था। वाहनों से करीब 1700 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ था। जांच में पनीर नकली और अवमानक पाए जाने के बाद करीब डेढ़ टन पनीर नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान राष्ट्रीय अखबार के पत्रकार अखिल शर्मा भी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान पनीर कारोबार से जुड़े बताए जा रहे सौरभ शर्मा ने पत्रकारों को देखकर आपा खो दिया। आरोप है कि उसने संदीप शुक्ला को निशाना बनाते हुए गाली-गलौज की और चाकू से हमला करवाने, हत्या कराने तथा गुंडों से मरवाने की धमकी दी। आरोपी ने यहां तक कहा कि नकली पनीर के कारोबार को लेकर खबरें प्रकाशित करने के कारण उसका काफी नुकसान हो चुका है और अब वह पत्रकार को नहीं छोड़ेगा।

थाने में भी धमकी, पत्रकार ने दर्ज कराई एफआईआर

धमकियों से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे पत्रकारों ने सिलतरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 18 नवंबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 0138 दर्ज की। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351-3 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 20 नवंबर को बयान देने थाने पहुंचने पर भी आरोपी की ओर से पत्रकार को धमकाया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

नकली पनीर के कारोबार का बड़ा नेटवर्क, दूसरे प्रदेशों तक फैले तार

इस पूरे मामले की कहानी केवल 1700 किलो नकली पनीर की बरामदगी तक सीमित नहीं है। जांच में नकली पनीर के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है। सौरभ शर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह भोपाल निवासी शमशाद आलम के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ और ओडिशा में नकली पनीर की सप्लाई करता था। इससे पहले भी सौरभ शर्मा नकली पनीर के मामले में पकड़ा जा चुका है। वहीं 16 नवंबर की रायपुर कार्रवाई के बाद 19 नवंबर को खैरागढ़ में शमशाद आलम और सौरभ शर्मा से जुड़ी करीब 1500 किलो नकली पनीर से भरी एक गाड़ी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है।