छत्तीसगढ़ के आईपीएस संतोष सिंह को मिली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की कमान,

CISF में DIG बनाए गए संतोष सिंह,
रायपुर/नई दिल्ली छत्तीसगढ़ कैडर के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 2011 बैच के आईपीएस संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की कमान सौंपी गई है। उन्हें दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) में CISF के DIG के रूप में पदस्थ किया गया है।
संतोष सिंह को उनके सुरक्षा प्रबंधन के बेहतरीन अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए यह अहम जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली मेट्रो को राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है और इसकी सुरक्षा बेहद संवेदनशील मानी जाती है।
271 स्टेशन और 82 लाख यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा,
दिल्ली मेट्रो 271 स्टेशनों वाली देश की सबसे बड़ी त्वरित परिवहन प्रणाली है, जो दिल्ली के साथ-साथ यूपी और हरियाणा के शहरों को जोड़ती है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड बनाया था। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा अब छत्तीसगढ़ के इस आईपीएस के कंधों पर होगा।
इससे पहले संतोष सिंह हैदराबाद में DIG साउथ जोन-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक, रणनीतिक प्रतिष्ठानों और पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा देख रहे थे।
छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में रह चुके हैं SP/SSP,
संतोष सिंह विवादों से दूर अपनी परिपक्व, संवेदनशील और सामुदायिक पुलिसिंग के लिए जाने जाते हैं। छत्तीसगढ़ में वे कुल 11 जिलों में पदस्थ रहे हैं, जिनमें से 9 जिलों में उन्होंने SP/SSP का पद संभाला है। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में एसपी/एसएसपी रहे हैं। इसके अलावा सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP के रूप में भी उन्होंने काम किया है। बिलासपुर और रायपुर में उनके कार्यकाल को काफी सराहा गया था।
उनके दिल्ली मेट्रो में DIG बनने पर छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
