IDBI बैंक बिकने के विरोध में देशव्यापी हड़ताल का ऐलान

 

सरकार 60% से ज्यादा हिस्सेदारी कनाडा की कंपनी को बेच रही है, 2 और 3 नवंबर को बैंक बंद रहेंगे

रायपुर केंद्र सरकार के निजीकरण के फैसले के खिलाफ IDBI बैंक के अधिकारी और कर्मचारी सड़क पर उतरेंगे। 2 और 3 नवंबर को दो दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया गया है।

क्या है मामला?

सरकार और LIC की संयुक्त 60.72% हिस्सेदारी कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेची जा रही है। इसी के विरोध में संयुक्त मंच ने हड़ताल बुलाई है।

बीमा कर्मचारियों ने भी दिया साथ

ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन (AIIEA) ने हड़ताल को समर्थन दिया है। संगठन के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और महासचिव श्रीकांत मिश्रा ने बताया कि 2 नवंबर को लंच ब्रेक में देशभर के बीमा कर्मचारी प्रदर्शन* करेंगे।

मुनाफे वाला बैंक क्यों बेच रहे?

AIIEA ने सवाल उठाया कि जब IDBI बैंक लगातार मुनाफा कमा रहा है और तरक्की कर रहा है, तो उसे क्यों बेचा जा रहा है।

संगठन ने कहा, यह सरकार के 2003 में संसद में दिए वादे के खिलाफ है, जिसमें कहा गया था कि IDBI में हमेशा कम से कम 51% हिस्सेदारी सरकार के पास रहेगी।

80 हजार करोड़ के टारगेट के लिए सौदा?

आरोप है कि ये फैसला आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि सरकार का 80,000 करोड़ रुपये का विनिवेश लक्ष्य पूरा करने के लिए लिया जा रहा है। विदेशी कंपनी को देश के अहम बैंक का मालिकाना हक देना देश की आर्थिक संप्रभुता के लिए खतरा है।