CSPDCL के 1193 करोड़ के ग्लोबल टेंडर पर बवाल

400 गाड़ी और 360 करोड़ टर्नओवर की शर्त से 500 से ज्यादा छत्तीसगढ़िया ठेकेदार बाहर, संघ ने दी प्रदेशव्यापी बंद की चेतावनी
रायपुर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा जारी 1,193.46 करोड़ की ग्लोबल निविदा क्रमांक 18/1867 पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। छत्तीसगढ़ पावर कंपनी वाहन मालिक कल्याण संघ ने इस निविदा पर गंभीर आपत्ति जताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की है। संघ का आरोप है कि कठिन शर्तों के चलते 500 से अधिक स्थानीय छत्तीसगढ़िया ठेकेदार प्रतिस्पर्धा से बाहर हो जाएंगे और हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा।
400 गाड़ी और 360 करोड़ टर्नओवर की शर्त बनी रोड़ा
संघ के मुताबिक निविदा में एक साथ 400 गाड़ियों के संचालन का अनुभव और पिछले वित्तीय वर्षों में लगातार लगभग 360 करोड़ का टर्नओवर जैसी शर्त रखी गई है।संघ का कहना है कि ऐसी शर्तें छोटे और मझोले स्थानीय ठेकेदारों के लिए पूरी करना असंभव है। इससे प्रदेश के 500 से ज्यादा ठेकेदार बाहर हो जाएंगे और मैदान सिर्फ कुछ बड़ी बाहरी कंपनियों के लिए खुला रह जाएगा।
MD से मिले, अब मुख्यमंत्री से मिलेंगे
संघ के प्रतिनिधियों ने CSPDCL के डंगनिया कार्यालय में प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर अपनी चिंता से अवगत कराया। संघ ने मांग की है कि वर्षों से विभाग को सेवा दे रहे स्थानीय ठेकेदारों को भी निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का मौका मिले। अब यह मामला मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा।
बैंक लोन में फंसे ठेकेदार, रोजी-रोटी पर संकट
संघ प्रदेश अध्यक्ष किशन देवांगन बताया कि अधिकांश स्थानीय वाहन मालिकों ने बैंक से लोन लेकर गाड़ियां खरीदी हैं। हर महीने किस्त, बीमा, मेंटेनेंस और ड्राइवरों का वेतन देना पड़ता है। अगर काम नहीं मिला तो लोन चुकाना मुश्किल हो जाएगा। इसका सीधा असर ड्राइवरों और परिवहन से जुड़े हजारों लोगों के रोजगार पर पड़ेगा।
छत्तीसगढ़िया ठेकेदार बाहर क्यों?
प्रदेश कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र राठौर ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश के विकास में स्थानीय उद्यमियों का बड़ा योगदान है, तो उन्हें ही बाहर करने वाली शर्तें क्यों लाई जा रही हैं? बाहरी कंपनियों को प्राथमिकता देने से स्थानीय रोजगार खत्म होने की आशंका है।पहले एक दिन बंद, फिर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनीसंघ ने कहा कि वह बातचीत से समाधान चाहता है, लेकिन मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन होगा।
आगे क्या होगा
प्रदेश सचिव अशोक कुमार ने आगे की योजना साझा करते हुए बताया है कि प्रथम चरण एक दिवसीय वाहन एवं TMC/FOC कार्य बंदद्वितीय मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन वाहन एवं TMC/FOC कार्य बंदसंघ ने CSPDCL प्रबंधन और सरकार से निविदा की शर्तों की तत्काल समीक्षा कर ग्लोबल टेंडर निरस्त करने और स्थानीय ठेकेदारों के हित में नई व्यवस्था बनाने की मांग की है।
