3 साल के मासूम से क्रूरता पर बाल आयोग सख्त,

अस्पताल पहुंची अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा,
रायपुर
पंडरी क्षेत्र में दो मासूम बच्चों के साथ मारपीट के मामले में बाल आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा आज मेकाहारा अस्पताल और बाल गृह पहुंची और पीड़ित बच्चों की स्थिति का जायजा लिया।
क्या है पूरा मामला
15 अक्टूबर को चाइल्ड हेल्पलाइन के जरिए सूचना मिली थी कि पंडरी में 3 साल और 8 साल के दो बच्चों के साथ मारपीट की गई है। गंभीर चोटों के कारण 3 साल के बच्चे को 16 अक्टूबर को मेकाहारा में भर्ती कराया गया। वहीं 8 साल के बच्चे को बाल गृह और 6 साल की बच्ची को मातृछाया में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर बच्चों की मां और सौतेले पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आयोग ने भी 15 अक्टूबर को ही मामले का संज्ञान ले लिया था।
आयोग की अध्यक्ष ने क्या कहा
डॉ. वर्णिका शर्मा ने अस्पताल में भर्ती बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली, वर्तमान में बच्चे की हालत ठीक बताई जा रही है। बाल गृह में दूसरे बच्चे की सुरक्षा और देखभाल का जायजा लिया। उन्होंने कहा बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा, माता-पिता पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
दोनों बालकों और बालिका की काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि उन्हें मानसिक और भावनात्मक सहारा दिया जा सके।
हेल्पलाइन का असर
आयोग द्वारा थानों और संस्थानों में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित कराने की पहल का असर दिख रहा है। समय पर सूचना मिलने से त्वरित कार्रवाई हो पा रही है। आयोग ने हेल्पलाइन टीम की तत्परता की सराहना की।
