राज्य स्तरीय रोड साइक्लिंग स्पर्धा में पुसौर के खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक 

रायपुर में हुआ राज्य स्तरीय स्कूली गेम्स  रायगढ़ के खिलाड़ियों ने दिखाया दम,

  रायपुर/रायगढ़..में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की रोड साइक्लिंग स्पर्धा में पुसौर ब्लॉक के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में पुसौर के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर रायगढ़ जिले सहित बिलासपुर संभाग को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

             राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर में 15 से 18 अक्टूबर तक किया गया। इसमें पुसौर ब्लॉक के 12 खिलाड़ियों ने बिलासपुर संभाग की ओर से हिस्सा लिया। टीम में 7 बालक और 5 बालिकाएं शामिल थीं। प्रतियोगिता 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी गति, संतुलन, सहनशक्ति और उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। स्पर्धा में सेजेस पुसौर की अंतरा सारथी और तनीषा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। इसी विद्यालय के मिहिर पटेल और चांदनी साव ने कांस्य पदक हासिल किए। वहीं अभिनव विद्या मंदिर स्कूल, पुसौर की तनुजा निषाद ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आदर्श ग्राम भारती स्कूल, पुसौर की वंशिका महाना ने भी कांस्य पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।