180 KM की रफ्तार से दौड़ी नई वंदे भारत,

रायपुर/दिल्ली -कोटा.. भारतीय रेल ने हाई-स्पीड के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगा दी है। 13 अक्टूबर को पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में 16 कोच वाली नई वंदे भारत चेयर कार ट्रेनसेट ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़कर इतिहास रच दिया। यह परीक्षण मथुरा-नागदा रेलखंड पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त CCRS की सीधी निगरानी में किया गया।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह सिर्फ स्पीड टेस्ट नहीं, बल्कि फाइनल सेफ्टी मंजूरी से पहले का सबसे अहम पड़ाव था।
क्या है इस नई वंदे भारत में खास?
मेक इन इंडिया विदेशी तकनीक इस ट्रेनसेट को रेल कोच फैक्ट्री (RCF) कपूरथला में बनाया गया है, लेकिन इसमें फ्रांस की कंपनी एल्सटॉम (Alstom) की लेटेस्ट प्रोपल्शन प्रणाली लगाई गई है। यह प्रणाली कम बिजली में ज्यादा पावर और बेहतर पिक-अप देती है।
180 पर टेस्ट, 160 पर चलेगी
रेलवे ने जानबूझकर इसे 180 KMPH पर टेस्ट किया है, जबकि इसकी प्रस्तावित परिचालन गति 160 KMPH रखी गई है। नियम के मुताबिक किसी भी ट्रेन को उसकी परिचालन गति से 10% ज्यादा गति पर टेस्ट करना अनिवार्य होता है, ताकि सुरक्षा मार्जिन परखा जा सके।
OMS से हुई हर हलचल की जांच
ट्रायल के दौरान ऑसिलेशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OMS) से ट्रेन के हर डिब्बे की स्थिरता, वाइब्रेशन और सवारी की गुणवत्ता को रिकॉर्ड किया गया। 180 की रफ्तार पर भी यात्रियों को झटका न लगे, इसकी बारीकी से जांच हुई।RDSO से मिल चुका है सर्टिफिकेट, अब CCRS की बारीक अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) इस ट्रेनसेट को 160 KMPH तक चलाने के लिए फाइनल स्पीड सर्टिफिकेट पहले ही जारी कर चुका है। CCRS द्वारा किया गया यह निरीक्षण वैधानिक सुरक्षा स्वीकृति प्रक्रिया का अंतिम चरण है। CCRS की हरी झंडी मिलते ही यह ट्रेन यात्री सेवा में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार मानी जाएगी।
आम यात्री को क्या फायदा होगा?
रेलवे की योजना है कि 160 KMPH की क्षमता वाली ये नई वंदे भारत ट्रेनें दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे हाई-स्पीड कॉरिडोर पर चलाई जाएंगी। इससे दिल्ली से भोपाल या कोटा से दिल्ली जैसे रूट पर सफर का समय 2 से 3 घंटे तक कम हो सकता है।इसके साथ ही भारतीय रेल का लक्ष्य 2027 तक सभी वंदे भारत ट्रेनों को 160 KMPH के अनुकूल बनाना है। यह टेस्ट उसी मिशन का हिस्सा है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह परीक्षण आधुनिक रेल तकनीक और सुरक्षा मानकों के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आने वाले महीनों में यात्रियों को और तेज, सुरक्षित और आरामदायक वंदे भारत का अनुभव मिलेगा।
