48 घंटे में सुलझा बिरबिरा दोहरा हत्याकांड,
48 घंटे में सुलझा बिरबिरा दोहरा हत्याकांड,
रायपुर
ग्रामीण पुलिस ने बिरबिरा गांव के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा महज 48 घंटे में कर दिया है। जादू-टोना के अंधविश्वास में एक 22 साल के युवक ने बुजुर्ग दंपति की टंगिया और हंसिया से बेरहमी से हत्या कर दी और फिर जेवर लूटकर फरार हो गया था।सरपंच ने दी थी सूचना घटना 8 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने थाना आरंग आकर सूचना दी कि गांव के सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की किसी अज्ञात ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी है।सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू टीम, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस ने धारा 103(1), 331(7) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मां की मौत का बदला लेने के लिए किया कत्ल
जांच में पुलिस ने गांव के ही संदेही प्रमोद उर्फ रॉकी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गया।आरोपी ने बताया कि एक साल पहले उसकी मां की मौत हुई थी। उसे शक था कि पड़ोसी सदाशी और आसबती ने जादू-टोना करके उसकी मां को मारा है। वह इसी रंजिश को मन में पाले हुए था और गांव में अक्सर इसकी चर्चा भी करता था। साथ ही उसे पता था कि मृतकों के पास ज्यादा जमीन है और मृतिका हमेशा सोने-चांदी के जेवर पहनकर रहती है।इसी अंधविश्वास और लालच में उसने हत्या की साजिश रची।
छत के रास्ते घुसा
आरोपी ने बताया कि 6 अक्टूबर की रात 11:30 बजे जब उसके घर वाले सो गए, तो वह टंगिया और हंसिया लेकर निकला। वह अपने मकान की छत से प्रहलाद साहू की छत पार कर सीधे सदाशी के घर की छत पर पहुंचा और नीचे उतर गया।पहले कमरे में सो रहे सदाशी के सिर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला। फिर दूसरे कमरे में सो रही आसबती के सिर, गले पर टंगिया से और सीने-पेट पर हंसिया से वार कर निर्मम हत्या कर दी।हत्या के बाद उसने मृतिका के शरीर पर पहनी चांदी की कमरबंध, ऐंठी, माला, सोने की खिनवा और घर में रखी अंगूठी, बिछिया, सिक्के लूट लिए। खून लगे हथियारों को नाली में धोकर सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड किनारे झाड़ी में छुपा दिया था।
जेवर और हथियार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टंगिया, हंसिया, खून लगी जींस और लूटे गए सभी सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मामले में धारा 109(6) BNS और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5 भी जोड़ी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू, सउनि पुष्पानंद ध्रुव, आरक्षक महेंद्र बघेल, दीनदयाल सोनवानी और दुर्गेश चंद्राकर की सराहनीय भूमिका रही।
अभिषेक झा एडिशनल एसपी रायपुर ग्रामीण
