होटल के बाथरूम में कैमरा
हरीराज होटल के वॉशरूम में स्पाई कैमरा!
महिला की शिकायत पर पहुंची पुलिस, तलाशी में कुछ नहीं मिला,
रायपुर,दुर्ग / भिलाई छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने होटलों में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। भिलाई के पॉश इलाके में स्थित नामी हरीराज होटल के महिला टॉयलेट में स्पाई कैमरा लगे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। महिला की शिकायत पर डायल 112 और भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तलाशी में कोई कैमरा नहीं मिला। पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है।
खाना खाने गई थी महिला, वॉशरूम में दिखा संदिग्ध डिवाइस,
घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक एक महिला अपने पति और परिवार के साथ हरीराज होटल में डिनर करने गई थी। खाना खाने के दौरान वह वॉशरूम के लिए महिला टॉयलेट में गई।
टॉयलेट के अंदर उसे वेंटिलेशन या दीवार में एक छोटी सी संदिग्ध चीज चमकती हुई नजर आई। महिला को शक हुआ कि यह कोई हिडन कैमरा या रिकॉर्डिंग डिवाइस हो सकता है। महिला ने बिना देर किए बाहर आकर अपने परिजनों को बताया और होटल मैनेजर से इसकी शिकायत की। इसके बाद उसने हिम्मत दिखाते हुए 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य महिलाओं में भी दहशत फैल गई।
पुलिस ने खंगाला पूरा टॉयलेट, कैमरा नहीं मिला,
112 की सूचना पर भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम तत्काल होटल पहुंची। पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए टॉयलेट की बारीकी से जांच की। दीवारों में लगे हुक, स्क्रू, वेंट, टाइल्स के जॉइंट, बल्ब होल्डर समेत हर संदिग्ध जगह की तलाशी ली गई।
लेकिन शुरुआती सर्चिंग में पुलिस को मौके से कोई कैमरा, चिप या रिकॉर्डिंग डिवाइस बरामद नहीं हुआ।
मामले में एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि 112 के माध्यम से हरीराज होटल में महिला टॉयलेट में कैमरा होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, लेकिन कोई कैमरा नहीं मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कथन लिए जा रहे हैं और जांच जारी है।
पुलिस को शक – शिकायत के बाद हटाया गया कैमरा?,
हालांकि कैमरा नहीं मिलने के बाद पुलिस ने मामले को रफा-दफा नहीं किया है। पुलिस इसे बेहद गंभीरता से ले रही है।
पुलिस के सामने अब दो सवाल हैं – पहला, क्या वाकई में महिला को कोई चीज कैमरा जैसी लगी और वह भ्रम था? दूसरा, क्या होटल के किसी कर्मचारी ने पहले कैमरा लगाया था और शिकायत के बाद उसे हटा दिया?
इसी को लेकर पुलिस ने होटल प्रबंधन से सभी कर्मचारियों की लिस्ट मांगी है। होटल में काम करने वाले हाउसकीपिंग स्टाफ, वेटर और मैनेजर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता चल सके कि शिकायत से पहले टॉयलेट में कौन-कौन गया था।
*होटल की सुरक्षा पर उठे सवाल*
यह घटना भले ही अभी जांच में है, लेकिन इसने एक बड़ी चेतावनी दे दी है। सार्वजनिक जगहों, होटल, रेस्टोरेंट और मॉल के टॉयलेट में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं, इस पर सवाल खड़ा हो गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक टॉयलेट का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें। अगर दीवार में कोई छोटा छेद, असामान्य स्क्रू, टाइल्स में चमकती लाइट या कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसा कुछ दिखे तो तुरंत होटल प्रबंधन या पुलिस को सूचना दें।
फिलहाल भिलाई नगर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। कैमरा था या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ होगा, लेकिन इस एक शिकायत ने पूरे भिलाई के होटल कारोबार की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।
Asp ग्रामीण मणिशंकर
