चेतन भारती की दो कृतियों का विमोचन

 

अभिव्यक्ति की मर्यादा’ और ‘पेंशनर्स संघर्ष यात्रा’ पर हुई सार्थक चर्चा,

रायपुर संकेत साहित्य समिति के बैनर तले वृंदावन हॉल रायपुर में वरिष्ठ साहित्यकार चेतन भारती की दो नई कृतियों – *‘अभिव्यक्ति की मर्यादा’* और *‘पेंशनर्स संघर्ष यात्रा’* का भव्य विमोचन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. चित्तरंजन कर, अध्यक्षता गिरीश पंकज ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डुमनलाल ध्रुव और सुरेंद्र रावल तथा समिति के संस्थापक व प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ मंच पर उपस्थित रहे। अतिथियों ने लेखक की दोनों कृतियों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद अतिथियों और लेखक का अंगवस्त्र और श्रीफल से सम्मान किया गया।

लेखक ने क्या कहा?

अपनी कृतियों पर प्रकाश डालते हुए चेतन भारती ने कहा कि पेंशनधारियों की पीड़ा और अभिव्यक्ति की आजादी की सरेआम हो रही अवहेलना ने ही उन्हें इन विषयों पर लिखने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं के विचार

*डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’* ने कहा – चेतन भारती का चिंतन हवाई नहीं, जमीन से जुड़ा है। सतह से शिखर तक की यात्रा उन्होंने अपने बलबूते पूरी की है। उनकी भाषा और कथ्य में ईमानदारी और सत्यनिष्ठा झलकती है।

गिरीश पंकज ने कहा – अनुभव ही सच्चा ज्ञान है। चेतन भारती ने लंबा संघर्ष करके पेंशनरों को न्याय दिलाया है। कर्म करने से ऊर्जा प्राप्त होती है।

मुख्य अतिथि डॉ. चित्तरंजन कर ने कहा – मनुष्य जन्म लेने से व्यक्ति नहीं होता, जो व्यक्त होता है वही व्यक्ति कहलाता है। अभिव्यक्ति मनुष्य की स्वाभाविक प्रवृत्ति है।

डुमनलाल ध्रुव ने कहा – विचारों की गरिमा और सामाजिक उत्तरदायित्व ही अभिव्यक्ति की मर्यादा है। साहित्य मानवीय संवेदनाओं को जागृत करने का सशक्त माध्यम है।

काव्य गोष्ठी में रही धूम,

विमोचन के बाद हुई काव्य गोष्ठी का संचालन पल्लवी झा ‘रूमा’ ने किया। इसमें राजकुमार सोनी, डॉ. रविन्द्र सरकार, पल्लवी झा, पूर्वा श्रीवास्तव, यशवंत यदु, डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ सहित प्रांत भर से आए 40 से अधिक रचनाकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अंत में कुलदीप भारती ने सभी अतिथियों और रचनाकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।