ड्राइवर ने हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर की हत्या,
शव फेंककर ढाई साल रहा फरार, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे
खमतराई में 2024 के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, माल लेकर लौटते समय हुआ था विवाद, पुराने मामलों की समीक्षा में मिली सफलता
रायपुर..राजधानी रायपुर में करीब ढाई साल पहले हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई इलाके में हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंककर फरार हुए आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला 28 नवंबर शनिवार सुबह 11 बजे सामने आया, जब खमतराई पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपी को पकड़ा। पुराने लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हुई।
क्या था पूरा मामला
मामला जून 2024 का है। 21 जून की शाम संतोष साहू घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर रोड किनारे मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।जांच में पता चला कि संतोष साहू अशोक लीलैंड छोटा हाथी में हेल्पर था और राकेश टोप्पो वाहन चलाता था। घटना वाले दिन दोनों माल लेकर उरकुरा के मंगलम ट्रांसपोर्ट गए थे। वापसी के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में राकेश ने गमछे से संतोष का गला घोंट दिया और हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया।
ढाई साल बाद कैसे पकड़ा गया
करीब ढाई साल तक फरार रहे आरोपी राकेश टोप्पो को खमतराई पुलिस और एसीसीयू की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने की धारा 201 भी जोड़ी गई है। न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुराने मामलों की समीक्षा और पुलिस की लगातार पड़ताल से ढाई साल पुराने हत्या के मामले का खुलासा हुआ है।
