प्रोफेसर का अपहरण
इवनिंग वॉक के दौरान आंखों पर पट्टी बांधकर बनाया बंधक, UPI से लूटे 1 लाख
रायपुर/रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में इवनिंग वॉक पर निकले 49 वर्षीय प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता को चार आरोपियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर अगवा कर लिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर उनका मोबाइल और UPI पासवर्ड हासिल किया और करीब 1 लाख रुपये एक महिला के खाते में ट्रांसफर करा लिए। घटना की सूचना मिलते ही रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल रेस्क्यू के निर्देश दिए। पुसौर पुलिस ने रातभर चले ऑपरेशन में प्रोफेसर को भूपदेवपुर के पंडरीपानी गांव से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मुख्य आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया है।
माइलस्टोन पर बैठे थे प्रोफेसर, तभी दबोचा
पीड़ित कपुरचंद गुप्ता पिता डमरूधर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच वह गांव में डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पत्थर पर बैठ गए। इसी दौरान दो युवक आए और उन्हें पकड़कर डबरी की तरफ खींच ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन और छाती पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल पर बैठाकर उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाया गया।
चाकू दिखाकर लिया Google Pay और BHIM का पासवर्ड
पंडरीपानी पहुंचने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट शुरू कर दी। डराकर उनसे मोबाइल का लॉक, Google Pay और BHIM App का पासवर्ड ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने अपने एक महिला साथी को फोन किया और उसका QR कोड मंगवाया। फिर प्रोफेसर के खाते से धीरे-धीरे कर करीब 1 लाख रुपये उस QR कोड पर ट्रांसफर करा लिए, जब तक कि खाते की लिमिट खत्म नहीं हो गई।
आरोपियों ने चालाकी दिखाते हुए प्रोफेसर से उनके घर फोन भी करवाया और कहलवाया कि मैं ठीक हूं, ताकि परिवार को शक न हो। इसके बाद उन्हें पंडरीपानी में ही एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
परिजनों की सूझबूझ से खुला मामला, पुलिस ने किया रेस्क्यू,
इधर घरवालों को फोन पर प्रोफेसर की आवाज में कुछ संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया, तो लोकेशन पंडरीपानी की मिली। परिजन तुरंत वहां पहुंच गए। परिजनों के आने की भनक लगते ही आरोपी प्रोफेसर को छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) अपहरण, 309(6) लूट, 142 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया गया है।
24 घंटे में एक आरोपी पकड़ाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चारों आरोपियों की पतासाजी शुरू की। रातभर चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और UPI से रकम हड़पने की पूरी योजना बनाई थी।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर हुई थी, उससे संपर्क कर पूरी 1 लाख रुपये की रकम को होल्ड कराकर सुरक्षित करा लिया है। पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह, एसआई कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार और राहुल सिदार की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता दिखाई है। सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शशि मोहन सिंह sp रायगढ़
