हाईकोर्ट ने CGPSC को लगाई फटकार, आंसरशीट से 4 पन्ने गायब करने पर 50 हजार

रायपुर अगर आप CGPSC की तैयारी कर रहे हैं, तो ये खबर आपके होश उड़ा देगी। साल 2018 की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में एक छात्र की आंसरशीट से ही 4 पन्ने फाड़ दिए गए। उन पन्नों पर 30 अंकों के जवाब लिखे थे। और मजे की बात ये बात आयोग को 2019 में ही पता चल गई थी, फिर भी आंख मूंदे बैठा रहा।
RTI नहीं मांगता तो राज ही रह जाता
कहानी है नारायण दत्त की। 2018 में उन्होंने प्रीलिम्स पास किया। 2019 में मेंस दिया। रिजल्ट आया तो फेल। उन्हें शक हुआ। RTI लगाई। जब आंसरशीट हाथ में आई तो पैरों तले जमीन खिसक गई।पेपर-7 के पेज नंबर 17, 18, 19, 20 गायब थे। वहीं पर सवाल नंबर 9 से 12 के जवाब थे। कॉपी में पन्ने फटे होने के निशान साफ दिख रहे थे।आयोग की फाइल में 2019 से दबी थी शिकायत जांच में खुलासा हुआ कि जिस परीक्षक ने कॉपी जांची थी, उसने 27 सितंबर 2019 को ही रिपोर्ट लिख दी थी। स्टीकर नंबर 722038 वाली कॉपी में 4 पन्ने गायब हैं। मुख्य मूल्यांकनकर्ता को चिट्ठी भेजी गई।लेकिन इसके बाद फाइल ठंडे बस्ते में चली गई। न जांच हुई, न छात्र को बताया गया। छात्र 5 साल तक हाईकोर्ट के चक्कर काटता रहा।
कोर्ट ने क्या कहा?
मामला जस्टिस पार्थ प्रतीक साहू की कोर्ट में पहुंचा। छात्र ने 50 लाख मुआवजे की मांग की। कोर्ट ने कहा पूरी भर्ती प्रक्रिया को सिर्फ एक छात्र की वजह से रद्द नहीं कर सकते।अंकों का खेल भी छात्र के खिलाफ गया। छात्र को 695.5 नंबर मिले थे, कटऑफ था 737.5। 30 नंबर जोड़ने पर भी 725.5 ही होते। इसलिए इंटरव्यू का आदेश नहीं दिया। लेकिन आयोग की घोर लापरवाही मानते हुए 50,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया।
CGPSC की साख पर फिर बट्टा
2021-22 की भर्ती में हुए विवाद के बाद ये नया मामला CGPSC की साख पर एक और दाग है। सवाल यही है कि जब आंसरशीट ही सुरक्षित नहीं है, तो निष्पक्षता की उम्मीद कैसे की जाए?अब साय सरकार पर नजर है कि क्या वो इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करेगी?
