गाय लेकर पहुंचे गौ सेवा निगम

oplus_4194304

गौशाला की बदहाली पर फूटा संचालकों का गुस्सा गायों को लेकर पहुंचे नगर निगम

 

रायपुर में पहली बार ऐसा नजारा देखने को मिला जब गौ सेवक खुद गायों को लेकर नगर निगम मुख्यालय विरोध करने पहुंच गए। राजधानी रायपुर के नगर निगम क्षेत्र में संचालित गौठानों के संचालकों में भारी नाराजगी देखी गई। बड़ी संख्या में संचालक अपनी गायों के साथ नगर निगम दफ्तर के सामने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। संचालकों का आरोप है कि नगर निगम प्रशासन गौठानों की स्थिति को लेकर गंभीर नहीं है।

संचालकों ने बताया कि उन्हें क्षमता से दोगुनी गायों की सेवा करनी पड़ रही है। गौठानों में जगह कम है और गायों की संख्या ज्यादा है। इससे देखरेख में भारी परेशानी हो रही है। संचालकों का कहना है कि एक गाय के पीछे उन्हें मात्र 27 रुपए प्रतिदिन दिया जाता है। इतनी कम राशि में गाय का चारा पानी और देखभाल करना संभव नहीं है। ऊपर से नगर निगम ने कई महीनों से भुगतान भी नहीं किया है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम पर करीब 30 लाख रुपए का भुगतान बकाया है। संचालकों ने बताया कि पिछले छह महीनों से वे लगातार नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं। आवेदन दे रहे हैं और निवेदन कर रहे हैं। लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। भुगतान न होने से गौठानों की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। चारा खरीदने के लिए भी पैसे नहीं हैं।

संचालकों ने नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कमिश्नर द्वारा गौठान संचालन के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। गौठानों में चारा पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। कई गौठान तो बंद पड़े हैं। बंद पड़े गौठानों को चालू नहीं किया जा रहा है। इससे गायें सड़क पर भटकने को मजबूर हैं। सड़क किनारे गायें पॉलीथीन खा रही हैं। इससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है और बीमारियां बढ़ रही हैं।

इस विरोध प्रदर्शन को लेकर संचालकों ने अपनी चार प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि बंद पड़े सभी गौठानों को तत्काल चालू किया जाए। दूसरी मांग है कि गौमाता के लिए चारा पानी की स्थायी व्यवस्था की जाए। तीसरी मांग है कि गौठान संचालकों का लंबित 30 लाख रुपए का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। चौथी मांग है कि नगर निगम कमिश्नर गौठानों की वास्तविक स्थिति पर जवाब दें और मौके का निरीक्षण करें।

संचालकों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे बड़ा कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वे सभी गौठानों में ताला बंद कर देंगे और उसकी चाबी कमिश्नर को सौंप देंगे। इसके बाद वे अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। संचालकों का कहना है कि अब आर पार की लड़ाई होगी।

वहीं इस पूरे मामले में एक दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों और कुछ जनप्रतिनिधियों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। मौके से जो तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं उनमें गौठानों की स्थिति सामान्य और व्यवस्थित दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर हकीकत क्या है। क्या जमीनी हकीकत वाकई खराब है या यह सिर्फ भुगतान के लिए दबाव बनाने की रणनीति है। इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल इस विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पहली बार गौ सेवकों द्वारा गायों के साथ निगम दफ्तर पहुंचकर विरोध करने से अधिकारी भी हैरान हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि नगर निगम कमिश्नर इस पूरे मामले पर क्या जवाब देते हैं और बकाया भुगतान को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।