सड्डू के बंजर पारा में 400 घरों पर फैक्ट्री की काली चादर

रायपुर..राजधानी रायपुर में एक तरफ स्वच्छ हवा की बात होती है, दूसरी तरफ सड्डू के बंजर पारा में 3000 लोग जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। रिहायशी बस्ती के बीच चल रही 2-3 फैक्ट्रियों ने लोगों का जीना हराम कर दिया है।घरों में घुस रहा काला धुआं स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री से 24 घंटे काला धुआं निकलता है। सुबह-शाम डस्ट उड़ती है। घर में रखा खाना, पानी, बर्तन, कपड़े सब पर काली राख जम जाती है। 40 साल से यहां रह रहे लोगों का कहना है कि पहले ऐसी हालत नहीं थी। जब से फैक्ट्रियां लगी हैं, बीमारियां बढ़ गई हैं।बच्चों को आंखों में जलन, बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत और महिलाओं को खांसी की शिकायत आम हो गई है।

 

400 मकानों के बीच फैक्ट्री कैसे?

सबसे बड़ा सवाल है। बंजर पारा में करीब 400 मकान हैं। ये नगर निगम क्षेत्र में आता है। फिर यहां फैक्ट्री लगाने की अनुमति किसने दी? क्या प्रदूषण विभाग ने NOC दिया? क्या पर्यावरणीय मानकों की जांच हुई? स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

खबर के बाद हरकत में आया निगम

जब इस जनहित के मुद्दे को नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा और महापौर मीनल चौबे के सामने रखा तो दोनों ने सख्त कार्रवाई की बात कही।कमिश्नर संबित मिश्रा ने कहा, “मामले की जानकारी ले रहा हूं, NGT के नियमों के तहत संबंधित विभाग को जांच के लिए लिखा जाएगा।”महापौर मीनल चौबे ने कहा, “ये मेरे संज्ञान में आया है। मैं खुद जांच करवाऊंगी। रिहायशी इलाके में कोई भी अवैध व्यावसायिक फैक्ट्री नहीं चलने दूंगी।”अब 3000 लोगों की नजर निगम की कार्रवाई पर टिकी है। क्या वाकई फैक्ट्रियों पर ताला लगेगा या आश्वासन सिर्फ कागजों में रह जाएगा?