जल संरक्षण से बदलेगी दर्री की तस्वीर,
24 लाख लीटर वर्षा जल सहेजने की अनूठी पहल,
रायपुर-जल ही जीवन है और जल संरक्षण ही सुरक्षित भविष्य का आधार है। इसी भावना को साकार करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वर्षा जल संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। जिले के मरवाही विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दर्री के डोंगरी टोला में लगभग 3 हजार स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच का निर्माण कर 24 लाख 30 हजार लीटर वर्षा जल संग्रहण की क्षमता विकसित की गई है। यह पहल न केवल भूजल स्तर बढ़ाने में सहायक बनेगी, बल्कि गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से जूझने वाले लगभग 250 ग्रामीण परिवारों के लिए राहत की नई उम्मीद लेकर आई है।
पहाड़ियों से बहने वाला पानी अब बनेगा जल संरक्षण का आधार
पहाड़ी एवं ढलान वाले क्षेत्रों में वर्षा के दौरान बड़ी मात्रा में पानी बहकर निकल जाता है। इससे वर्षा जल का उपयोग नहीं हो पाता और मिट्टी के कटाव व भूजल स्तर में गिरावट जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। इसी चुनौती को देखते हुए डोंगरी टोला में वैज्ञानिक पद्धति से स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच बनाई गई हैं।पहाड़ी ढलानों पर सीढ़ीनुमा क्रम में बनी ये ट्रेंच वर्षा के पानी के बहाव को धीमा कर उसे एकत्रित करेंगी। ट्रेंच में संग्रहित पानी धीरे-धीरे जमीन में समाहित होगा, जिससे भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा और प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण होगा।
कितनी है क्षमता,
24 लाख लीटर क्षमता से मजबूत होगी जल सुरक्षा डोंगरी टोला में निर्मित लगभग 3 हजार कंटूर ट्रेंच की कुल जल संग्रहण क्षमता 24 लाख 30 हजार लीटर है। यह क्षेत्र में जल संरक्षण की बड़ी उपलब्धि है। वर्षा के दौरान इन संरचनाओं में पानी एकत्र होने से भूमि में नमी बनी रहेगी, मिट्टी का कटाव रुकेगा और भूजल स्तर सुधरेगा।खासकर गर्मी के मौसम में जल संकट झेलने वाले 250 परिवारों के लिए यह दीर्घकालीन जल सुरक्षा साबित होगी। भूजल स्तर में सुधार से आसपास के कुओं और पारंपरिक जलस्रोतों को भी नया जीवन मिलेगा।जल संरक्षण के साथ रोजगार का सृजनइस पहल की खास बात यह है कि पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार भी सृजित हुआ है।
सरक्षण और रोजगार
कंटूर ट्रेंच निर्माण में प्रतिदिन 150 से 160 श्रमिकों को रोजगार दिया जा रहा है। अब तक इस कार्य से कुल 3166 मानव दिवस रोजगार का सृजन हो चुका है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से ग्रामीण परिवारों को आजीविका का सहारा मिला है।भूजल पुनर्भरण से बढ़ेगी हरियालीस्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच से वर्षा जल के संरक्षण के साथ पर्यावरण संतुलन भी बनेगा। जमीन में नमी बढ़ने से पेड़-पौधों और वनस्पतियों के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। तेज वर्षा के दौरान पानी के बहाव को नियंत्रित करने से मिट्टी के कटाव में कमी आएगी और कृषि के लिए जल उपलब्धता में सुधार होगा।ग्राम पंचायत दर्री के डोंगरी टोला में विकसित ये संरचनाएं इस बात का उदाहरण हैं कि प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक प्रबंधन ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। एक ओर वर्षा जल को सहेजने के लिए स्थायी संरचनाएं बनी हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को रोजगार मिला है। 250 परिवारों के लिए जल सुरक्षा की उम्मीद जगाने वाली यह पहल आने वाले समय में भूजल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाएगी।
