4 हजार डिफॉल्टरों पर शिकंजा अब कुर्की की तैयारी

रायपुर। शहर में रहनें वालों को सुविधा चाहिए। चकाचक सड़क,24 घंटे बिजली,पीने का स्वक्छ पानी,नाली,स्ट्रीट लाइट हर गली मोहल्ले में पर जब बारी आती है टैक्स जमा करने की तो हाथ खींच लेते हैं। सुविधा सब चाहिए, पर टैक्स कोई नहीं देना चाहता। इसी सोच के चलते नगर निगम आज गंभीर राजस्व संकट से जूझ रहा है।नगर निगम को इस वित्तीय वर्ष मार्च तक लगभग साढ़े चार सौ करोड़ रुपये का टैक्स वसूलना है। यह पैसा ही शहर और 70 वार्डों के विकास का आधार है। टैक्स के पैसे से ही सड़क बनती है, पानी आता है, लाइट जलती है और सफाई होती है। लेकिन हकीकत यह है कि लोग टैक्स जमा करने में जमकर आनाकानी कर रहे हैं। अब निगम ने भी मन बना लिया है कि सख्ती से ही सही, पर टैक्स वसूला जाएगा। डिफॉल्टरों की संपत्ति कुर्क करने तक की प्लानिंग तैयार कर ली गई है।
4000 से ज्यादा डिफॉल्टर, 400 बड़े बकायादार
निगम के रिकॉर्ड खंगाले तो चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए। नगर निगम क्षेत्र में 4 हजार से अधिक ऐसे डिफॉल्टर हैं जो सालों से टैक्स जमा ही नहीं कर रहे हैं। इनमें से कई का बकाया 50 हजार रुपये के आसपास है। सुविधा वो पूरी ले रहे हैं, पर पैसा नहीं दे रहे हैं।इसी तरह 4 सौ ऐसे बड़े करदाता हैं जिन पर 2 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है। ये शहर के बड़े व्यापारी, बड़े मकान और कमर्शियल प्रॉपर्टी वाले हैं, जो टैक्स जमा करने से साफ परहेज कर रहे हैं। ये लोग शहर के विकास में सबसे बड़ा रोड़ा बने हुए हैं।
92 करोड़ वसूली, अभी 358 करोड़ बाकी
निगम ने इस बार सख्ती दिखानी शुरू की है। जोन स्तर पर वसूली टीम बनाई गई है और घर-घर नोटिस पहुंचाए जा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि अब तक 92 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली हो चुकी है। लेकिन अभी भी लक्ष्य बहुत दूर है। मार्च तक साढ़े चार सौ करोड़ का टारगेट पूरा करने के लिए अभी लगभग 358 करोड़ रुपये और वसूलने हैं। यह आसान नहीं है, लेकिन निगम कमर कस चुका है।
निगम कर सकती है कूर्क?
नगर निगम ने अब जोन वाइज एक्शन प्लान तैयार किया है। सबसे पहले बड़े बकायादारों और डिफॉल्टरों की लिस्ट बनाई गई है। इन्हें पहले नोटिस दिया जाएगा। एक नहीं, तीन-तीन बार नोटिस देकर टैक्स पटाने के लिए कहा जाएगा।अगर तीन नोटिस के बाद भी करदाता टैक्स नहीं भरते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। निगम के अधिकारी बताते हैं कि कुर्की की कार्रवाई का डर दिखते ही टैक्स जमा करने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। पहले की तुलना में अब ज्यादा लोग टैक्स काउंटर पर पहुंच रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
नगर निगम की अपर आयुक्त डॉ. अंजली शर्मा ने बताया कि टैक्स वसूली के लिए लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, डिफॉल्टर और बड़े बकायादारों को नोटिस दिया जा रहा है। यदि नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया तो संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि नोटिस के बाद लोगों में जागरूकता आई है और लोग टैक्स जमा करने आ रहे हैं। शहर और वार्डों के विकास के लिए टैक्स बहुत जरूरी है और हर नागरिक को इसे समय पर जमा करना चाहिए।
