जुलूस में 11 चाकू और 350 से ज्यादा लोहे के कड़े जप्त, 10 लोग गिरफ्तार

संदल जुलूस में 11 चाकू और 350 से ज्यादा लोहे के कड़े जप्त, 10 लोग गिरफ्तार

रायपुर बंजारी दरगाह उर्स के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संदल जुलूस में शामिल संदिग्धों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने 11 चाकू और 350 से ज्यादा धातु के कड़े बरामद किए हैं। जप्त कड़ों का वजन करीब 45 किलो बताया जा रहा है। पुलिस ने 1 व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर गिरफ्तार किया है, वहीं 9 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। DCP सेंट्रल के निर्देश पर चला अभियानDCP सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल DCP विवेक शुक्ला के सुपरविजन में पुलिस ने उर्स जुलूस में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को सूचना थी कि जुलूस की आड़ में कुछ असामाजिक तत्व हथियार लेकर घुस सकते हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 50 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाकर पूछताछ की। तलाशी में 11 धारदार चाकू और हाथ में पहने जाने वाले 350 से ज्यादा लोहे के कड़े मिले, जिन्हें हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

BNSS के तहत कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि 09 आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। सभी 09 को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट, सिटी कोतवाली के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। वहीं चाकू के साथ पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि उर्स त्यौहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।