स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा था 4.29 करोड़ का सोना

रायपुर/बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। इंद्रावती नदी के किनारे जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे माओवादी डंप से 33 नग सोने के बिस्किट और लाखों का कैश बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादी डंप छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाया।

क्या क्या हुआ बरामद,

टीम ने भैरमगढ़ से करीब 8-10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास चिन्हित जगह पर डिमाइनिंग और तलाशी के दौरान जमीन में गड़ा एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे को खोलने पर उसमें 33 नग सोने के बिस्किट मिले। हर बिस्किट 10 तोला का है, कुल वजन 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही टेप से लिपटे पैकेट में 500-500 के नोटों में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद भी मिले।

पुलिस ने सोना और नगद जब्त कर थाना भैरमगढ़ में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

संयुक्त कार्यवाही में मिली सफलता,

गौरतलब है कि DRG, STF, CoBRA और CRPF की संयुक्त कार्रवाई से अब तक बीजापुर जिले में अलग-अलग जगहों से माओवादी डंप से कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नगद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।

उमेश प्रसाद गुप्ता एसपी बीजापुर