महिला डॉक्टर से बदसलूकी

कहा- मैं BSNL का SDO हूं, तेरा ट्रांसफर करा दूंगा

रायपुर, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल यानी मेकाहारा एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह मरीजों की भीड़ नहीं, बल्कि एक महिला इंटर्न डॉक्टर के साथ हुई बदसलूकी है। रेडियोडायग्नोसिस विभाग में USG की डेट को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने न सिर्फ महिला डॉक्टर से मारपीट की, बल्कि खुद को केंद्र सरकार का अफसर बताकर ट्रांसफर कराने की धमकी तक दे डाली।

USG की डेट को लेकर शुरू हुआ विवाद,

जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार की है। रेडियो डायग्नोसिस विभाग में इंटर्न डॉ. साक्षी कन्नौजे तीन अन्य इंटर्न के साथ मरीजों को अल्ट्रासाउंड USG की तारीख दे रही थीं।

इसी दौरान रमाकांत शर्मा नाम का एक व्यक्ति काउंटर पर पहुंचा और उसी दिन USG करने की जिद करने लगा। डॉ. साक्षी ने उसे बताया कि आज का स्लॉट फुल है, आप HOD या सीनियर डॉक्टर से मिल लीजिए, अर्जेंट होने पर वो आज की डेट दे देंगे।

बस इसी बात पर व्यक्ति आग बबूला हो गया।

तू औरत है ना तू, साली तेरा ट्रांसफर करवाता हूं

पीड़ित डॉक्टर ने अपने बयान में बताया कि आरोपी ने पहले लिंगभेदी टिप्पणी की – अरे सुन सुन तू औरत है ना तू। इसके बाद दूसरी महिला इंटर्न को भी अपशब्द कहे।

जब डॉ. साक्षी ने विरोध किया तो आरोपी ने खुद को BSNL का SDO और सेंट्रल गवर्नमेंट का क्लास वन गजटेड ऑफिसर बताना शुरू कर दिया और धमकाते हुए बोला – साली तू रुक, तेरा ट्रांसफर करवाता हूं, तू मेरे से ऐसे कैसे बात कर रही है।आरोप है कि इसके बाद उसने डॉ. साक्षी को धक्का देकर गिरा दिया। चीख-पुकार सुनकर जब महिला सुरक्षा गार्ड बचाने आई तो आरोपी ने उसके साथ भी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
बाद में वहां मौजूद अन्य इंटर्न डॉक्टरों ने बीच-बचाव कर आरोपी को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बाहर निकलने के बाद भी आरोपी कई कमरों के दरवाजे खटखटाकर हंगामा करता रहा।

मौदहापारा थाने में शिकायत, JDA में आक्रोश,

घटना के तुरंत बाद मामले की जानकारी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संतोष सोनकर को दी गई। एमएस खुद पीड़िता के साथ अस्पताल चौकी पहुंचे और मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन JDA छत्तीसगढ़ में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। JDA ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है।

JDA अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव ने कहा – ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्टाफ के साथ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हम डीन सर से मांग करते हैं कि आरोपी के खिलाफ संस्थागत FIR दर्ज हो और कड़ी कार्रवाई हो। अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।”

गौरतलब है कि मेकाहारा में डॉक्टरों के साथ मारपीट और बदसलूकी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं।