सड़क हादसे में दो की मौत
ब्रेजा ट्रैक्टर से टकराई पुलिस जवान समेत 2 की दर्दनाक मौत
रायपुर.. राजधानी में सड़कों पर रफ्तार का कहर रुक नहीं रहा है। खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली इलाके में शनिवार को एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पुलिसकर्मी समेत दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।मृतकों में एक सिलतरा थाने में पदस्थ पुलिस जवान कमलेश वर्मा है जो कार चला रहा था। दूसरा मृतक रूपेश निषाद है। तीसरा साथी गोपी गंभीर रूप से घायल है जिसे दौंदेकला स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीनों तर्रा गांव के रहने वाले हैं और रायपुर से खरोरा की ओर जा रहे थे। खरोरा पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हर दिन टूट रहा मौत का रिकॉर्ड
खरोरा का यह हादसा कोई नई बात नहीं है। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे अब महामारी बन चुके हैं। हाईकोर्ट में कोर्ट कमिश्नर की रिपोर्ट ने जो आंकड़े पेश किए हैं वो रूह कंपा देने वाले हैं।प्रदेश में साल 2025 में कुल 15 हजार 484 सड़क हादसे हुए जिनमें 6 हजार 967 लोगों की जान चली गई और 13 हजार 156 लोग घायल हुए। यानी हर दिन औसतन 19 लोगों की मौत सिर्फ सड़क हादसे में हुई।साल 2026 के सिर्फ पांच महीने यानी 31 मई तक ही 6 हजार 891 हादसे हो चुके हैं और 3 हजार 170 लोगों की मौत हो चुकी है।अगर सरकारी आंकड़ों को देखें तो 2024 में 14 हजार 857 हादसे हुए थे जो 2025 में बढ़कर 15 हजार 318 हो गए। एक साल में 461 हादसे बढ़ गए। रायपुर क्यों बना मौत का हाइवे पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा खतरनाक स्थिति राजधानी रायपुर की है। प्रदेश के 10 सबसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट में से 7 अकेले रायपुर जिले में हैं। सिलतरा से निको गेट, तेलीबांधा से नेवरा, आरंग, खरोरा और धरसींवा के इलाके सबसे ज्यादा जानलेवा बन गए हैं।रायपुर में 2025 में 2 हजार 63 हादसे हुए जिनमें 616 लोगों की मौत हुई। मतलब राजधानी में हर दिन औसतन 2 लोग सड़क पर जान गंवा रहे हैं। 2024 में यह आंकड़ा 2 हजार 79 हादसों में 594 मौतों का था।
कोर्ट की नाराजगी,,
हाईकोर्ट ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए पूछा था कि क्या पुलिस का काम सिर्फ मवेशी हांकना है। कोर्ट ने सरकार से पूछा था कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें क्यों नहीं हो रही हैं।आखिर हादसे हो क्यों रहे हैंपुलिस और परिवहन विभाग की जांच में पांच बड़ी वजहें सामने आई हैं।पहली वजह है तेज रफ्तार और शराब पीकर गाड़ी चलाना। दूसरी वजह है सड़कों की खराब इंजीनियरिंग। कई जगह अंधे मोड़ हैं, संकेतक बोर्ड नहीं हैं और सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं।तीसरी सबसे बड़ी वजह है ओवरलोडिंग। 10 टन क्षमता वाले ट्रकों में 22 से 25 टन माल भरा जा रहा है और वेइंग मशीनें बंद पड़ी हैं।चौथी वजह है हाईवे पर अवैध पार्किंग और सड़कों पर घूमते आवारा मवेशी जो रात में दिखाई नहीं देते।पांचवीं वजह है लापरवाही। 70 प्रतिशत मौतें दोपहिया वाहन चालकों की हैं जो बिना हेलमेट के चलते हैं और कार में सीट बेल्ट नहीं लगाते।रायपुर में वाहनों की संख्या 18 लाख से ज्यादा हो गई है लेकिन ट्रैफिक पुलिस का अमला उतना ही है। जब तक सड़कों का सुधार, ब्लैक स्पॉट का ट्रीटमेंट और सख्त चालानी कार्रवाई नहीं होगी तब तक बंगोली जैसे हादसे होते रहेंगे।
