मां की ममता को सौदा समझ बैठीं तीन महिलाएं,
गरीबी का फायदा उठाकर नवजात को बेचने चली थीं, मां ने हिम्मत दिखाई तो खुला काला खेल
रायपुर..एक मां के लिए उसका बच्चा दुनिया की सबसे बड़ी दौलत होता है, लेकिन रायपुर में तीन महिलाओं ने उसी ममता को सौदा समझ लिया। गरीब गर्भवती महिला को फ्री इलाज का झांसा देकर ओडिशा से रायपुर बुलाया गया, फिर उसके नवजात को बेचने की साजिश रची गई। मां ने हार नहीं मानी, पुलिस तक पहुंची और तीनों आरोपी महिलाएं सलाखों के पीछे पहुंच गईं।
प्रार्थिया निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराया कि गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ। कृतिका ने निःशुल्क प्रसव एवं उपचार कराने का झांसा देकर उसे रायपुर बुलाया।रायपुर आने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका एवं अहिल्या से कराई तथा उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया। तीनों महिलाओं ने प्रार्थिया की आर्थिक तंगी का फायदा उठाया। उसे समझाया गया कि बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेच दो, बदले में मोटी रकम मिल जाएगी।
मां ने साफ मना कर दिया। इसके बाद उसे डराया-धमकाया जाने लगा। 4 नवंबर को प्रसव के पश्चात नवजात शिशु सहित उसे फिर से अहिल्या के घर ले जाकर बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। आखिरकार मां की हिम्मत ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 धारा 140(3), 143(4), 318(4), 61 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना आजाद चौक पुलिस की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए 3 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
0..कृतिका साहू, निवासी आमापारा रामकुण्ड, थाना आजाद चौक, रायपुर। उम्र 34 साल।
0.. अहिल्या नामदेव, निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढियारी, रायपुर। उम्र 40 साल।
0.. गीतिका नाग, निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई 03, थाना भिलाई 03, जिला दुर्ग। उम्र 36 साल।
अब और खुलेगा राज
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है। कहां-कहां के लोगों को शिकार बनाया गया, कितने और किन-किन लोगों के बच्चे बेचे गए, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।
बाइट-रॉबिन गुरिया-डीसीपी दक्षिण
