त्योहारों पर रायपुर पुलिस का बड़ा प्रहार, 91 आरोपी गिरफ्तार, 52 आरोपियों के वारंट तामील

रायपुर त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस पश्चिम क्षेत्र ने 04 नवंबर से 10 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 52 वारंटों की तामिली की गई और 135 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में चला। इसमें पुरानी बस्ती, डी डी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना की टीमों ने हिस्सा लिया।
अभियान में क्या-क्या कार्रवाई हुई
वारंटियों पर कार्रवाई में 13 स्थायी वारंट और 39 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 52 वारंटों की तामिली की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब बिक्री और परिवहन के 09 प्रकरणों में 09 आरोपी गिरफ्तार किए गए। उनके पास से 75.24 लीटर शराब जब्त की गई।
आर्म्स एक्ट में अवैध हथियार रखने वाले 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 07 चाकू और 01 देशी कट्टा जब्त हुआ।
जुआ के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। 22 प्रकरणों में 73 आरोपी गिरफ्तार किए गए। उनके पास से 62 हजार 900 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट में 01 प्रकरण में 01 आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसके अलावा शांति भंग करने की आशंका वाले 135 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा है कि शहर में शांति बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और सघन चेकिंग की जाएगी।
