डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाने वाला पोर्टल संचालक ही गिरफ्त में,

एआई से फोटो बदलकर भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप

रायपुर। करीब एक वर्ष पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा पर पैसे हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाने वाला तथाकथित पोर्टल संचालक अब खुद पुलिस की गिरफ्त में है। बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने द हनी बैजर न्यूज के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन को रायपुर से गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार दीपक टंडन शुरू से विवादों में रहा है। लगभग एक वर्ष पूर्व उसने डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे। अब उसी पर एआई तकनीक से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें प्रकाशित करने, छवि धूमिल कर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगा है।क्या है ताजा मामलापुलिस के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 को महाराणा प्रताप नगर, तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी तस्वीर को एआई तकनीक से परिवर्तित कर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक और अपमानजनक शीर्षकों के साथ खबरें प्रकाशित की गईं।शिकायतकर्ता का आरोप है कि ऐसा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उन्हें ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से किया गया।प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने थाना प्रभारी सिरगिट्टी को अपराध पंजीबद्ध कर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 798/2026 दर्ज किया गया। यह अपराध छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4 एवं 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3 एवं 5 के तहत दीपक अंबेडकर टंडन, कोमल प्रसाद चौबे एवं अन्य के विरुद्ध पंजीबद्ध किया गया।रायपुर से हुई गिरफ्तारीपुलिस के अनुसार विवेचना में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक टंडन की संलिप्तता पाए जाने पर उसे रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट, थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी 46 वर्ष का है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।दो मोबाइल फोन जब्त, जांच जारीपुलिस ने बताया कि प्रकरण में आरोपी के दोनों मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मोबाइल में हनी बैजर पोर्टल से संबंधित एवं अन्य कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप प्राप्त हुए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। ब्लैकमेलिंग एवं उगाही संबंधी आरोपों, डिजिटल सामग्री तथा अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल माध्यमों का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति को प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल करने अथवा उगाही करने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।