यूनिक आईडी से होगी अब कुत्तों की पहचान,

राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। डॉग बाइट के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इसी को देखते हुए अब रायपुर नगर निगम ने आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए एक नया और हाईटेक तरीका अपनाया है। बधियाकरण के साथ-साथ अब हर आवारा कुत्ते को यूनिक ID दी जाएगी। नगर निगम ने दो ABC सेंटर में 1500 से ज्यादा कुत्तों का अब तक किया बधियाकरण। वहीं शहर में 50 हजार आवारा कुत्तों की संख्या है।
क्या है यूनिक ID का प्लान?
नगर निगम द्वारा बधियाकरण किए गए कुत्तों के गले में एक विशेष पट्टा बांधा जाएगा। इस पट्टे पर एक QR कोड लगा होगा, जो उस कुत्ते की यूनिक ID होगी। इस QR कोड को स्कैन करते ही कुत्ते से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। इसमें कुत्ते का बधियाकरण कब हुआ, डीवार्मिंग हुई है या नहीं, वैक्सीनेशन की स्थिति क्या है, और उसे किस इलाके से पकड़ा गया था, जैसी पूरी डिटेल होगी। इससे निगम को ट्रैकिंग में आसानी होगी और दोबारा पकड़ने की कवायद से भी बचा जा सकेगा।
दो ABC सेंटर में चल रहा है अभियान
इस पूरे अभियान के लिए नगर निगम ने दो एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर बनाए हैं। एक सेंटर नल घर चौक के पास और दूसरा सोंडोंगरी में संचालित हो रहा है। यहां से टीम शहर के अलग-अलग इलाकों से आवारा कुत्तों को पकड़कर लाती है। सेंटर में पशु चिकित्सकों द्वारा उनका बधियाकरण और वैक्सीनेशन किया जाता है। ऑपरेशन के बाद कुछ दिन तक कुत्तों को निगरानी में रखा जाता है, उनकी देखरेख की जाती है और फिर उन्हें वापस उसी जगह छोड़ा जाता है, जहां से उन्हें लाया गया था। यह नियम एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया के गाइडलाइन के तहत किया जा रहा है।
अब तक 1500 से ज्यादा कुत्तों का बधियाकरण
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक अब तक 1500 से अधिक आवारा कुत्तों का बधियाकरण और वैक्सीनेशन किया जा चुका है। रायपुर शहर में लगभग 50 हजार आवारा कुत्ते हैं। दोनों सेंटरों में प्रतिदिन 20-20 यानी कुल 40 कुत्तों के बधियाकरण का टारगेट रखा गया है। एक कुत्ते के ऑपरेशन, देखरेख, वैक्सीन और दवाओं पर लगभग 1540 रुपये का खर्च आ रहा है।
साढ़े तीन साल में 51 हजार डॉग बाइट
प्रदेश में डॉग बाइट के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। पिछले साढ़े तीन साल के भीतर प्रदेश भर में 51,900 से अधिक लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा मामले रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों के हैं। कुत्तों की आबादी जिस तेजी से बढ़ रही है, अगर बधियाकरण अभियान में तेजी नहीं लाई गई तो आने वाले दिनों में यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है।नगर निगम का कहना है कि यूनिक ID और QR कोड सिस्टम लागू होने से शहर में आवारा कुत्तों की सटीक गिनती, उनका जियो-टैगिंग और मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी। साथ ही आम नागरिक भी QR स्कैन कर पता लगा सकेंगे कि उनके इलाके का कुत्ता सुरक्षित है या नहीं।
1.40 करोड का टाग सेल्टर
सोनडोंगरी में अवारा कुत्तो को रखनें के लिए निगम ने एक करोड़ 40लाख के डाग सेल्टर बनाया है।वहां आवारा कुत्तों को रखनें की प्लानिंग भी है। इस बीच वहां कुत्तो को बधियाकरण किया जा रहा है।
