अमित जोगी के घर पर चस्पा हुआ नोटिस

कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी

रायपुर.. छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे के सुप्रीमों की मुश्किले अब बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री, चुनाव आयोग और केंद्रीय गृहमंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी और वीडियो क्लिप जारी करने के मामले में अब अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद सिविल लाइन पुलिस आज नोटिस तामील करने उनके घर पहुंची थी, लेकिन अमित जोगी घर पर मौजूद नहीं मिले।

मुख्यमंत्री निवास के सामने है अमित जोगी का घर

अमित जोगी का घर मुख्यमंत्री निवास के सामने स्थित है। पुलिस टीम जब नोटिस लेकर पहुंची तो घर में कोई मौजूद नहीं था। इसके बाद पुलिस ने नियम के अनुसार घर के बाहर ही नोटिस चस्पा कर दिया।

भाजपा की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर

 

यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सिविल लाइन थाने में कल  पूर्व मंत्री विधायक राजेश मुणत सहित भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित पदाधिकारी की शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अमित जोगी ने पीएम मोदी और निर्वाचन आयुक्त को लेकर प्रतीकात्मक अश्लील वीडियो पोस्ट किया था। इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री के खिलाफ भी अशोभनीय टिप्पणी की गई थी।

गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कर रही प्रयास

एफआईआर दर्ज होने के बाद से पुलिस अमित जोगी की तलाश कर रही है। नोटिस चस्पा करने के बाद अब पुलिस ने गिरफ्तारी को लेकर प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि नोटिस के बाद भी यदि जोगी पेश नहीं होते हैं तो आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अमित जोगी के ठिकानों पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है।