जंगल सफारी में हिमालयन भालू की मौत,

गुवाहाटी से  लाया गया था भालू

रायपुर-नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी से एक दुखद खबर सामने आई है। शेड्यूल वन श्रेणी के एक वन्य जीव  भालू की मौत हो गई है।  यहाँ रह रही 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू फफोरी की 19 अक्टूबर की मध्यरात्रि में मौत हो गई। जंगल सफारी प्रबंधन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फफोरी की मौत वृद्धावस्था के कारण हुई है। आज उसका अंति संस्कार भी किया गया। 2012 में गुवाहाटी से रायपुर लाई गई थी फफोरी

पोस्टमार्टम के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

जंगल सफारी प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, फफोरी को वर्ष 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत असम के गुवाहाटी चिड़ियाघर से रायपुर लाया गया था। उस वक्त उसकी उम्र करीब 12 साल थी। तब से लेकर अब तक लगभग 13 साल तक वह नंदनवन जू का हिस्सा रही और दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय थी।

नियम का पालन कर किया अंतिम संस्कार

फफोरी की मौत के बाद नंदनवन जू के हिमालयन भालू बाड़े में वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी द्वारा नियमानुसार पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद सफारी प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल से जुड़े कर्मचारियों की मौजूदगी में उसे श्रद्धांजलि अर्पित कर विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान नंदनवन जू एवं जंगल सफारी के संचालक सह वनमंडलाधिकारी श्री पंकज राजपूत, सहायक संचालक सहित वन विभाग के तमाम अधिकारी, कर्मचारी, पशुपालक और सुरक्षा कर्मचारी मौजूद रहे। फफोरी की देखभाल करने वाले कर्मचारियों ने उसके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

प्रबंधन बोला – देखभाल में कोई कमी नहीं

नंदनवन जू एवं जंगल सफारी प्रबंधन का कहना है कि जू में रहने वाले सभी वन्यजीवों की नियमित स्वास्थ्य जांच, देखभाल और संरक्षण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाती हैं। हिमालयन भालू की औसत उम्र जंगल में 20-25 साल मानी जाती है, ऐसे में फफोरी ने अपनी पूरी उम्र जी है।