बाप के बाद बेटा भी रडार पर फरार शोएब की तलाश तेज

 

रायपुर छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जेल जा चुके अनवर ढेबर के परिवार की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उनके बेटे शोएब ढेबर को पुलिस तलाश रही है। तेलीबांधा थाने के एक मामले में लगातार फरार चल रहे शोएब पर रायपुर पुलिस कमिश्नर ने इनाम राशि दोगुनी कर दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शुक्रवार 16 अक्टूबर  को नई उद्घोषणा जारी करते हुए इनाम 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया है। पहले 5 हजार का इनाम, अब भी फरार तो राशि डबल कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शोएब ढेबर के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 403/2026 धारा 308(4), 351(3), 351(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज है। यह मामला जबरन वसूली और धमकी से जुड़ा है।मामले में पुलिस को पुनर्गिरफ्तारी की अनुमति मिली थी, जिसके बाद से आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी गई। लेकिन शोएब लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा है। पहले पुलिस ने 5 हजार का इनाम घोषित कर आम जनता से सूचना मांगी थी, लेकिन कोई ठोस सुराग न मिलने पर अब इनाम बढ़ाकर 10 हजार कर दिया गया है।

 

कौन है शोएब ढेबर?

आरोपी का पूरा नाम शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 साल है। वह रायपुर की पॉश कॉलोनी पॉम बेलेजियो, बी 802/803, विधानसभा रोड, थाना पण्डरी क्षेत्र का निवासी है।शोएब के पिता अनवर ढेबर छत्तीसगढ़ के 2000 करोड़ से अधिक के कथित शराब घोटाले में आरोपी रहे हैं और इस मामले में लंबे समय तक जेल में रहे हैं। हाल ही में वे जमानत पर रिहा हुए हैं। अब उसी परिवार का बेटा एक अन्य आपराधिक मामले में फरार है।

पुलिस ने क्या कहा?

उद्घोषणा में पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट लिखा है कि आरोपी स्वयं को गिरफ्तारी से बचाने के लिए छिपा हुआ है और उसके स्वच्छंद विचरण से समाज में भय है और वह भविष्य में पुनः अपराध घटित कर सकता है। यह स्थिति समाज के लिए घातक है।इसी कारण पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह घोषणा की जाती है कि जो कोई भी व्यक्ति आरोपी को गिरफ्तार करेगा, गिरफ्तार करवाएगा या ऐसी युक्तियुक्त सूचना देगा जिससे उसकी विधिसम्मत गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 10,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इनाम के वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस कमिश्नर रायपुर नगरीय का होगा।फिलहाल रायपुर पुलिस की कई टीमें शोएब की तलाश में लगी हुई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।