पुलिस लाइन में खुला निःशुल्क सिलाई केंद्र,

150 महिलाओं को मिलेगी नई उड़ान

सुकमा पुलिस लाइन में सेवा पथ पहल के तहत निःशुल्क सिलाई केंद्र शुरू। 150 पुलिस परिवार की महिलाओं को 3 महीने तक प्रशिक्षण, आत्मनिर्भर बनाने की पहल। SP मयंक गुर्जर और संजीव कृष्ण ठाकुर रहे मौजूद।

रायपुर/सुकमा,, बस्तर में शांति स्थापित करने के साथ-साथ अब पुलिस परिवार को संवारने की भी पहल हो रही है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर की सोच और ‘सेवा पथ – एक पहल’* के तहत गुरुवार को पुलिस लाइन सुकमा में निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया।

इस केंद्र में अगले तीन महीने तक 150 पुलिस परिवार की महिलाओं को सिलाई का हुनर सिखाया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक रोजगार से जुड़ सकें।
यह आयोजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, DGP अरुण देव गौतम और बस्तर IG बद्री नारायण मीणा के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किया गया प्रयास है।

SP मयंक ने कहा

हर वर्दी के पीछे एक परिवार,

कार्यक्रम में SP मयंक गुर्जर ने कहा, हर वर्दी के पीछे एक परिवार होता है। जब जवान ड्यूटी पर निकलता है तो घर मातृशक्ति संभालती है। पुलिस परिवार की यही ताकत है। हमारा उद्देश्य सिर्फ सिलाई सिखाना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल बनाना है जहां महिलाएं अपनी क्षमता पहचान सकें।

संजीव कृष्ण ठाकुर ने कहा –

मातृशक्ति कमजोर नहीं,
कार्यक्रम में पहुंचे कथावाचक संजीव कृष्ण ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ मां कौशल्या की भूमि है। यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में बस्तर में शांति के लिए काम हो रहा है।

उन्होंने कहा, कोई भी माता-बहन कमजोर नहीं होती। मातृशक्ति में महापुरुष और भगवान को जन्म देने की ताकत है। पुरुष की हर उपलब्धि के पीछे मातृशक्ति का त्याग होता है। तीन महीने बाद आप सिर्फ कपड़ा सिलना नहीं, अपना भविष्य संवारना सीखेंगी। बस्तर ने बहुत पीड़ा देखी है, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना नई उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि जीवन की सफलता इस बात से नहीं कि हमने कितना जोड़ा, बल्कि इस बात से है कि हमने कितना बांटा। नवरात्र में मातृशक्ति की सेवा सौभाग्य है।

 

 

इस दौरान ASP रोहित शाह, राजीव शर्मा, प्रेमलता गुर्जर, असिता गुर्जर समेत पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।