सुकमा पुलिस की वर्दी वाली पाठशाला
रात छात्रावास पहुंचे SP, मोमबत्ती जलाकर पढ़ाया विज्ञान का पाठ,
रायपुर/सुकमा– जहां एक तरफ सुकमा पुलिस नक्सल मोर्चे पर जंग लड़ती रही है, वहीं दूसरी तरफ वही पुलिस बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए मास्टर जी भी बन रही है। पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर की एक मानवीय पहल की तस्वीर सामने आई है जो दिल जीत लेगी। दिनांक 13 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक सुकमा अचानक दोरनापाल के प्री एवं पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास पहुंच गए। न कोई काफिला, न कोई सूचना। औचक निरीक्षण के दौरान SP ने देखा कि छात्र अपने कमरों में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं।

मोमबत्ती बनी लैब
निरीक्षण के दौरान कुछ छात्र विज्ञान पढ़ रहे थे। विषय थोड़ा कठिन लग रहा था। बस फिर क्या था, SP साहब खुद शिक्षक बन गए। उन्होंने छात्रावास से एक मोमबत्ती मंगवाई और उसे जलाकर प्रायोगिक तरीके से विज्ञान के एक महत्वपूर्ण टॉपिक को इतनी सरलता से समझाया कि बच्चे झट से समझ गए।पढ़ाने के बाद उन्होंने बच्चों से उसी विषय पर सवाल-जवाब भी किए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सही जवाब दिए।फिर बच्चों के साथ बैठकर खाना भी खाया। रात के खाने का समय हुआ तो SP ने कोई VIP व्यवस्था नहीं ली। वे सीधे बच्चों के बीच बैठ गए और उनके साथ ही दाल-भात खाया। खाने के दौरान उन्होंने बच्चों से उनके घर, परिवार, सपने और पढ़ाई की परेशानियों के बारे में बात की।उन्होंने बच्चों को समझाया कि शिक्षा ही वह हथियार है जो बंदूक से भी ताकतवर है। अनुशासन और सही रणनीति से पढ़ाई करने पर ही जीवन में सफलता मिलेगी। अंत में सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।सुकमा जैसे संवेदनशील जिले में पुलिस अधीक्षक का यह मानवीय चेहरा बताता है कि पुलिस सिर्फ एनकाउंटर नहीं, बल्कि भरोसा भी करती है। नक्सलगढ़ के बच्चों में शिक्षा के प्रति यह भरोसा ही आने वाले कल में बड़ी क्रांति लाएगा।

