चक्रवात अकवान का छत्तीसगढ़ पर भी असर,

20 नवंबर को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं, बस्तर संभाग में अलर्ट
रायपुर..बंगाल की खाड़ी में उठा प्रबल चक्रवात अकवान अब तेजी से तट की ओर बढ़ रहा है। यह चक्रवात पिछले 6 घंटों में 13 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर दिशा में आगे बढ़ा है। आज 19 नवंबर को सुबह 0900 यूटीसी पर यह पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में अक्षांश 15.6 डिग्री उत्तर और देशांतर 85.2 डिग्री पूर्व के पास केंद्रित था।
कहां है चक्रवात,
इस समय यह नरसापुर से लगभग 390 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, कलिंगपट्टनम से 320 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, गोपालपुर से 410 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 470 किलोमीटर दक्षिण में है। चेन्नई से यह लगभग 610 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में है।चक्रवात अकवान के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिण उड़ीसा के नरसापुर और पुरी के बीच गोपालपुर के निकट 20 नवंबर को सुबह 11:30 बजे तक तट से टकराने की संभावना है। टकराते समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ में क्या होगा असर
चक्रवात के असर से प्रदेश में कल दिनांक 20 नवंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी जिलों में तथा बस्तर संभाग के पूर्वी जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग की चेतावनी पर नजर बनाए रखें।
