जांजगीर में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश,
स्नैपचैट पर दोस्ती कर बुलाया- चाकू की नोक पर 60 हजार और सोने की अंगूठी लूटी, युवती सहित 6 गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर हनी ट्रैप में फंसाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में युवती सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल जप्त की गई है।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में और सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने ये बड़ी कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर दोस्ती, मिलने के बहाने बुलाकर की लूटपाट
मामला थाना कोतवाली जांजगीर क्षेत्र का है। प्रार्थी मनीष वर्मा जिला रायगढ़ का रहने वाला है। स्नैपचैट के माध्यम से उसकी दोस्ती रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान युवती लगातार उसे चांपा मिलने के लिए बुला रही थी। 4 नवम्बर को प्रार्थी अपने मित्र के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर वह अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़कर उसके साथ आगे चला गया।
इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास 6 युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर प्रार्थी को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और 60 हजार रुपये नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच में घटना में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत होना सामने आया।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026, धारा 115(2), 308(2), 111(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
अमित राठौर, रवि झलरिया, किशन कर्ष जांजगीर के रहने वाले है। वहीं मुकेश कश्यप
,कुनाल पाण्डेय, चांपा,एक युवती, जिला रायगढ़ क्षेत्र की रहनें वाली है जिसे माध्यम बना कर युवकों को फसाया जाता था।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहें। बिना पर्याप्त जानकारी और पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें।
