पटवारियों के समर्थन में उतरे कर्मचारी संघ,
इंद्रावती भवन से जिला मुख्यालयों तक गूंजा विरोध का स्वर, सरकार को चेतावनी – दमन से नहीं, संवाद से होगा समाधान
रायपुर..छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर आज 18 नवंबर को प्रदेशभर में दो सूत्रीय मांगों को लेकर आयोजित आक्रोश रैली में शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों ने व्यापक भागीदारी निभाई। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी संभागों, जिलों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में कर्मचारियों ने एकजुट होकर सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।
राजधानी रायपुर में इंद्रावती भवन के गेट क्रमांक-3 से कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं संभाग प्रभारियों के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी संभागों में आंदोलन प्रभावी रहा। प्रदेश के 33 जिलों एवं 146 ब्लॉकों में रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।रायपुर संभाग में संभाग प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता पंकज पाण्डेय, जिला संयोजक पीतांबर पटेल के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। नवा रायपुर में अध्यक्ष जय कुमार साहू एवं संयोजक संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
महासमुंद में टेकराम सेन, धमतरी में चंदूलाल चंद्राकर, गरियाबंद में एम.आर. खान तथा बलौदाबाजार में डॉ. एल.एस. ध्रुव के नेतृत्व में रैली सफल रही।
दुर्ग संभाग में संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी के मार्गदर्शन एवं जिला संयोजक विजय लहरे के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। बिलासपुर संभाग में संभाग प्रभारी जी.आर. चंद्रा एवं रोहित तिवारी के मार्गदर्शन में जिला संयोजक राजेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। बस्तर संभाग में संभाग प्रभारी कैलाश चौहान एवं टारजन गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रदर्शन हुआ। सरगुजा संभाग में प्रभारी नृपेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आंदोलन सफल रहा।
फेडरेशन की दो सूत्रीय प्रमुख मांगें
0.. छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन का सम्मानजनक समाधान किया जाए। पटवारियों की व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का निराकरण करते हुए उनके विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्यवाहियां तत्काल निरस्त की जाएं।
0.. प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान किया जाए।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारी एवं अधिकारी सरकार से टकराव नहीं चाहते, बल्कि अपनी जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान चाहते हैं। आज की आक्रोश रैली प्रदेश के कर्मचारियों की एकजुटता और असंतोष का स्पष्ट संदेश है। सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए दोनों मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यदि शासन स्तर पर शीघ्र संवाद स्थापित कर मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो आगामी रणनीति तय कर प्रदेशव्यापी उग्र हड़ताल सहित व्यापक आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।
