हनुमान जी की प्रतिमा खंडित, 09 दिन बाद भी FIR नहीं

VHP-बजरंग दल ने दिया 5 दिन का अल्टीमेटम, चक्काजाम और थाना घेराव की चेतावनी
रायपुर/जांजगीर-चांपा नगर पंचायत नरियरा में एक धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली खबर सामनें आ रही है। उससे भी चिंताजनक बात यह है कि इस संवेदनशील मामले में पुलिस की जांच कछुआ चाल चल रही है। अब तक एफआईआर नहीं होनें से हिन्दू संगठन सहित ग्रामीण आक्रोशित है।
क्या है मामला,
वीरांगना रानी मां बिलासा वार्ड नंबर 15 स्थित सामुदायिक भवन में स्थापित श्री हनुमान जी की प्रतिमा को 10 नवंबर, दिन मंगलवार को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।घटना की सूचना उसी दिन 10 नवंबर को पुलिस प्रशासन को दी गई थी। प्रशासन द्वारा 5 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। परंतु निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी इस मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा क्षेत्र में आक्रोश एवं अशांति का वातावरण निर्मित हो रहा है।इसे लेकर समस्त वीरांगना रानी मां बिलासा वार्ड वासियों एवं नगर पंचायत नरियरा वासियों ने थाना प्रभारी मुलमुला को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में 4 मांगें रखी गई हैं,
0.. घटना की जांच कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
0.. दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
0.. सामुदायिक भवन एवं मंदिर परिसर में भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
0.. क्षतिग्रस्त प्रतिमा की पुनः स्थापना हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन,
VHP एवं बजरंग दल (प्रखंड नरियरा) के समस्त पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 5 दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त हिंदू समाज, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसके अंतर्गत ग्राम नरियरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम एवं थाना मुलमुला का घेराव करने की चेतावनी दी गई है।
