डीएड अभ्यर्थियों की फीकी बीती दिवाली

 

 325 दिनों से तूता धरना स्थल पर जारी है संघर्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ के डीएड अभ्यर्थियों की इस वर्ष की दिवाली भी खुशियों के बजाय निराशा, इंतजार और संघर्ष के बीच बीती। प्रदेश के हजारों डीएड अभ्यर्थी अपने 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले 325 दिनों से राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर आंदोलनरत हैं। जब पूरा प्रदेश दीपों की रोशनी, पटाखों की गूंज और परिवार के साथ खुशियां मना रहा था, तब ये युवा धरना स्थल पर टेंट के नीचे अपनी दिवाली मना रहे थे।

धरना स्थल पर ही मनी दिवाली

अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार उन्होंने घर पर दिवाली नहीं मनाई। तूता धरना स्थल पर ही दीये जलाए गए, एक दूसरे को मिठाई बांटी गई और फिर वहीं रात गुजारी गई। कई अभ्यर्थी ऐसे हैं जो पिछले कई महीनों से घर नहीं गए हैं। परिवार के लोग फोन पर हाल पूछते हैं और बच्चे पूछते हैं कि पापा कब आएंगे, लेकिन इन युवाओं के पास कोई जवाब नहीं है।

कई अभ्यर्थियों के माता-पिता भी धरना स्थल पर पहुंचे और अपने बच्चों के साथ दिवाली मनाई। बुजुर्ग माता-पिता की आंखों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता साफ झलक रही थी। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत, पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद भी उनके बच्चों को नौकरी के लिए सड़क पर बैठना पड़ रहा है।

क्या है पूरा मामल

डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में सहायक शिक्षक के 2300 पदों पर उनकी नियुक्ति होनी है। ये अभ्यर्थी डीएड प्रशिक्षित हैं और पात्रता की सभी शर्तें पूरी करते हैं। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है। अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब न्यायालय से आदेश आ चुका है तो फिर नियुक्ति में इतनी देरी क्यों हो रही है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि यह केवल नौकरी का मुद्दा नहीं है। यह हजारों परिवारों के भविष्य, वर्षों की मेहनत और न्यायालयीन आदेशों के सम्मान का सवाल है। आर्थिक परेशानियों, मानसिक तनाव और लगातार संघर्ष के बावजूद अभ्यर्थियों ने अपनी मांग नहीं छोड़ी है।

सरकार के दावों पर सवाल

अभ्यर्थियों का कहना है कि एक तरफ प्रदेश सरकार सुशासन, न्याय और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की बातें करती है, वहीं दूसरी तरफ पात्र युवाओं को 325 दिनों से सड़क पर बैठना पड़ रहा है। जिस सरकार से युवाओं को रोजगार और न्याय की उम्मीद थी, उसी सरकार के कार्यकाल में हजारों प्रशिक्षित युवाओं को अपनी नियुक्ति के लिए त्योहार तक धरना स्थल पर बिताने पड़ रहे हैं। यह स्थिति सरकार की युवा रोजगार नीति और सुशासन के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि पिछले 325 दिनों में वे कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। हर बार आश्वासन मिला, लेकिन नियुक्ति की स्पष्ट समय सीमा आज तक घोषित नहीं हुई। धरना स्थल पर गर्मी, बारिश और ठंड, तीनों मौसम झेल चुके ये युवा अब थक चुके हैं, लेकिन हार मानने को तैयार नहीं हैं।

क्या है अभ्यर्थियों की मांग

डी एड अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मांग की है कि न्यायालयीन आदेशों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया में आवश्यक कार्रवाई करते हुए 2300 सहायक शिक्षक पदों पर पात्र डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा नियुक्ति की स्पष्ट समय सीमा घोषित की जाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें अब आश्वासन नहीं, आदेश चाहिए। उन्हें लिखित में तारीख चाहिए कि कब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होगी। जब तक ठोस निर्णय नहीं आता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघर्ष बना न्याय की लड़ाई

अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार के लिए दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार हो सकती है, लेकिन नियुक्ति की बाट जोह रहे डीएड युवाओं के लिए इस बार भी दिवाली अधूरे सपनों और इंतजार के अंधेरे में बीती। 325 दिनों का यह संघर्ष अब सिर्फ नौकरी की मांग नहीं, बल्कि न्याय, सम्मान और भविष्य की लड़ाई बन चुका है।