नक्सलमुक्त पूवर्ती में पुलिस ने ग्रामीणों संग मनाई दीपावली,

महिलाओं को साड़ी, पुरुषों को लुंगी और बच्चों को बांटी मिठाई

रायपुर/सुकमा    एसपी की ऐसी पहल जिसनें ग्रामीणों,बच्चों और महिलाओं के आंखो में रौनक लौटा दी। 30 दशक पहले जिस क्षेत्र में खुशिया,त्यौहार में भी सूना सूना सा लगता था वहां अब रंग बिरंगे फूलझड़िया,से गांव रौशन हुआ। नक्सलवाद के साए से मुक्त होकर ग्राम पूवर्ती में इस बार दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। सुकमा पुलिस की सामुदायिक पहल निवा दुवड़ ते के तहत ग्रामीणों के साथ दीपोत्सव का विशेष आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक सुकमा  मयंक गुर्जर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीओपी जगरगुंडा प्रभात पटेल और थाना प्रभारी जगरगुंडा परशुराम पैकरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

गांव की बीच बस्ती में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, नन्हे-मुन्ने बच्चों, आत्मसमर्पित नक्सलियों सहित सुकमा पुलिस एवं डीआरजी के जवानों ने एक साथ सहभागिता कर सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।इस अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा गांव की महिलाओं को साड़ियां, पुरुषों को पारंपरिक लुंगी भेंट की गई। सभी बच्चों को मिठाई के पैकेट वितरित किए गए। बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस झूला लगाया गया, जिसका बच्चों ने खूब आनंद लिया। शाम ढलते ही गांव के मुख्य चौराहे पर भव्य आतिशबाजी की गई, पटाखों की गूंज और दीपों की रोशनी से पूरा पूवर्ती गांव जगमगा उठा।कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उन्हें क्षेत्र में निरंतर सुरक्षा, शांति और सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।

सुकमा पुलिस के प्रति आभार जताया ग्रामीणों ने

नक्सल प्रभाव से मुक्त होने के बाद पूवर्ती में सुरक्षा बलों और ग्रामीणों का यह संयुक्त दीपोत्सव केवल एक पर्व का आयोजन नहीं, बल्कि बस्तर के सुदूर अंचलों में पुनर्स्थापित होते जन-विश्वास और विकास की मुख्यधारा से जुड़ाव का जीवंत प्रतीक है।