दुर्ग मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ का 2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन

 

ग्रेड पे और नियमितीकरण की मांग, 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

रायपुर/दुर्ग ग्रेड पे वेतनमान लागू करने और संविदा-दैनिक वेतनभोगी नर्सिंग स्टाफ के नियमितीकरण की मांग को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने आज प्रदेशव्यापी सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में चंदूलाल चंद्राकर स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय परिसर, कचांदुर, दुर्ग में नर्सिंग संवर्ग ने दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

14 साल से मांग लंबित,

एसोसिएशन का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में छठे केंद्रीय वेतनमान का लाभ अधिकारी वर्ग, चिकित्सकों सहित अन्य कर्मचारियों को दिया गया है, लेकिन *नर्सिंग संवर्ग को आज तक वंचित रखा गया है।* इस विसंगति को दूर करने के लिए नर्सिंग संवर्ग पिछले 14 वर्षों से संघर्ष कर रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।

संघ ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर ग्रेड पे को लेकर *30 जनवरी 2026 को प्रस्ताव तैयार किया गया था*, लेकिन उसे लागू करने के बजाय 30 जून 2021 के पुराने और अमान्य प्रस्ताव (2018 कमेटी रिपोर्ट) की प्रति लगाकर नए प्रस्ताव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। संघ ने इस प्रक्रिया का विरोध जताया है।

डिग्रीधारी नर्सों को पैरामेडिकल के बराबर वेतन, गरिमा के खिलाफ,

एसोसिएशन ने कहा कि चार वर्षीय डिग्रीधारी स्टाफ नर्सों को एक वर्षीय पैरामेडिकल पाठ्यक्रम वाले कर्मचारियों के समकक्ष वेतन देना स्वीकार्य नहीं है। इसी तरह दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को गार्ड और सफाई कर्मचारियों के समान वेतन देना नर्सिंग जैसे तकनीकी और महत्वपूर्ण पेशे की गरिमा के विपरीत है।

संघ ने सितंबर माह में दिए आवेदन पर भी शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी,

एसोसिएशन ने साफ किया है कि अगर ग्रेड पे वेतनमान और नियमितीकरण की मांगों पर शासन ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो *पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर 2026 से प्रदेशभर में नर्सिंग संवर्ग अनिश्चितकालीन आंदोलन* पर चला जाएगा।

संघ ने शासन से अपील की है कि समय रहते मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए ताकि आंदोलन की नौबत न आए।