पार्कों में अंधेरा, 40 से ज्यादा लाइटें महीनों से बंद

रायपुर राजधानी के पॉश इलाकों के पार्क बदहाल हैं। जोन क्रमांक 4 के अंतर्गत आने वाले ऑक्सीजोन गार्डन, रवि नगर गार्डन समेत कई उद्यानों में महीनों से लाइटें बंद हैं। लोग अंधेरे में टहलने को मजबूर हैं। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 7 दिन में व्यवस्था न सुधरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
तिवारी ने कहा कि ये वही पार्क हैं जहां पूरे शहर से लोग अपने परिवार, बच्चों और बुजुर्गों के साथ सुकून के पल बिताने आते हैं। लेकिन आज यहां सिर्फ अव्यवस्था का अंबार है। क्या निगम ने इन पार्कों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है?
ऑक्सीजोन में 40 लाइटें बंद, रवि नगर का भी बुरा हाल,
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि ऑक्सीजोन गार्डन में अकेले 40 से अधिक लाइटें कई महीनों से बंद पड़ी हैं। शाम के समय जब महिलाएं, बुजुर्ग टहलने आते हैं तो उन्हें अंधेरे में भटकना पड़ता है, जिससे असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। यही हाल रवि नगर गार्डन और अन्य पार्कों का है।
शिकायत के एक महीने बाद भी एस्टीमेट पास नहीं,
तिवारी ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर 10 सितंबर को निगम प्रशासन से लिखित शिकायत की गई थी। 21 सितंबर को जोन 4 ने इंजीनियरों से प्राक्कलन (Estimate) बनवाकर शासन को भेजा, लेकिन 12 अक्टूबर तक उस एस्टीमेट की स्वीकृति तक नहीं मिली।
उन्होंने सवाल उठाया – क्या सरकार के पास 40 लाइटें सुधारने का भी फंड नहीं है? क्या निगम मूक दर्शक बनकर पार्कों को बर्बाद होते देखता रहेगा?
7 दिन का अल्टीमेटम,
आकाश तिवारी ने कहा कि गांधी उद्यान, अनुपम उद्यान, गुरु तेग बहादुर उद्यान, गोपी चंदनानी उद्यान, कटोरा तालाब उद्यान समेत जोन 4 के सभी पार्कों की लाइट और मूलभूत सुविधाएं 7 दिन में दुरुस्त नहीं हुईं तो वार्ड की जनता के साथ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
